April 17, 2026 7:36 pm

सच सीधा आप तक

बुढ़ार ब्लॉक की कमान संभालेंगे अंकित, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर


युवा नेतृत्व पर कांग्रेस का भरोसा

The mukhbir शहडोल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशभर में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों की घोषणा के साथ ही शहडोल जिले के बहुचर्चित बुढ़ार ब्लॉक में युवा नेतृत्व के रूप में अंकित सिंह के नाम पर मुहर लगना संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। जैसे ही यह घोषणा सामने आई, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवाओं में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।
अंकित सिंह कोई नया नाम नहीं हैं। वे पिछले 19 वर्षों से कांग्रेस पार्टी की नीति, विचारधारा और सिद्धांतों के प्रति निष्ठावान रहते हुए संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वर्ष 2006 से छात्र राजनीति के माध्यम से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले अंकित सिंह ने संघर्ष, समर्पण और संगठनात्मक कौशल के बल पर लगातार अपनी पहचान बनाई।
अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने एनएसयूआई में जिला उपाध्यक्ष, युवा कांग्रेस के जिला महासचिव, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव तथा जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के सचिव जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। हर पद पर रहते हुए उन्होंने संगठन को मजबूती देने और आमजन की आवाज को बुलंद करने का कार्य किया।
अंकित सिंह का राजनीतिक सफर केवल पदों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कथित घोटालों और भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा मुखर होकर आवाज उठाई। जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उन्होंने अनेक आंदोलनों का नेतृत्व किया, जिससे उन्हें जमीनी स्तर पर एक संघर्षशील, कर्मठ और जनप्रिय नेता के रूप में पहचान मिली।
उनकी नियुक्ति पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुजीत सिंह चंदेल, बलमीत सिंह खनूजा, प्रदीप सिंह, कमलेश शर्मा, हनुमान खंडेलवाल, शोभा राम पटेल, भानु दीक्षित, नौशेरमा खान, शेखर चौधरी, संतोष सिंह सेंगर, मोहम्मद आज़ाद, एस.पी. सिंह, बृजेश शुक्ला, अनुज सिंह बघेल, अनिल त्रिपाठी, अनिल जायसवाल, नईम खान, इब्रार खान, रामेश्वर गौतम, नीलम सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि अंकित सिंह के नेतृत्व में बुढ़ार ब्लॉक को नई ऊर्जा मिलेगी, संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा युवाओं की भागीदारी निर्णायक रूप से बढ़ेगी। यह नियुक्ति न केवल संगठनात्मक मजबूती का संकेत है, बल्कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कांग्रेस को जमीनी स्तर पर सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में भी देखी जा रही है।
The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!