April 17, 2026 7:54 pm

सच सीधा आप तक

20 दिसंबर से लापता अधेड़ की खेत में मिली लाश

इलाके में सनसनी, मौत के पीछे रहस्य गहराया
The mukhbir राहुल सिंह राणा, शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम खारी में सोमवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 20 दिसंबर से लापता एक अधेड़ का शव खेत के किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान रामनारायण सिंह गोड़ (41 वर्ष), पिता बृजलाल सिंह गोड़, निवासी ग्राम खारी पड़ोही डारी टोला के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने विनोद द्विवेदी के खेत के पास झाड़ियों में अधगला शव देखे जाने की सूचना तुरंत ब्यौहारी थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।

18 दिन बाद मिली लाश, कई सवाल खड़े

रामनारायण 20 दिसंबर से अचानक लापता था। परिजनों द्वारा तलाश की जा रही थी, और लिखित सूचना थाना ब्यौहारी में दी थी. लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब 18 दिन बाद खेत के किनारे शव मिलना सीधे-सीधे कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.

क्या यह हत्या है या साजिश का नतीजा

खेत तक शव कैसे पहुंचा, क्या मौत कहीं और हुई और शव यहां फेंका गया। मुखबिर ने बताया शव के पास मृतक का चप्पल और झाड़ी के अंदर एक शीशी भी पड़ी मिली है। जिसकी जाँच कि जा रही है।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड मैदान में

पुलिस ने मर्ग कायम कर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया है। मिट्टी, पैरों के निशान, आसपास के रास्ते और खेत की स्थिति को बारीकी से जांचा जा रहा है। पुलिस हर एंगल से मामले को खंगालने में जुटी है। मुखबिर सूत्रों के अनुसार शव की हालत और परिस्थितियां सामान्य मौत की ओर इशारा नहीं कर रहीं, जिससे संदेह और गहरा गया है।

गांव में दहशत, परिजनों का बुरा हाल

घटना के बाद पूरे गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। परिजन बदहवास हैं और एक ही मांग कर रहे हैं. सच सामने आए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

सवाल जो सिस्टम से जवाब मांग रहे हैं

एक व्यक्ति 18 दिन तक लापता रहता है…और फिर खेत में उसकी लाश मिलती है. तो यह सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था पर सीधा सवाल है। अब निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।
क्या यह मामला अंधे कत्ल में बदलेगा या सच बाहर आएगा।
“सच चाहे जितना भी दबा हो, लेकिन यह लाश कई राज दफन कर गई है… जो अब बाहर आना तय है।”

The mukhbir टीम शहडोल 

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!