April 17, 2026 8:50 pm

सच सीधा आप तक

राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शहडोल कि “मिनी ब्राजील” की बेटियों का परचम

मध्यप्रदेश की टीम 5–0 से विजयी

The Mukhbir के लिए विशेष रिपोर्ट-शहडोल। नागालैंड के दीमापुर में 23 से 27 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय अंडर–17 जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान की विजयी शुरुआत की है। पहले मुकाबले में मध्यप्रदेश ने हिमाचल प्रदेश को एकतरफा खेल दिखाते हुए 5–0 से पराजित किया। इस जीत ने न केवल टीम के मनोबल को बढ़ाया है, बल्कि टूर्नामेंट में उसके प्रबल दावेदार होने के संकेत भी दे दिए हैं।


“मिनी ब्राजील” विचारपुर की पाँच बेटियाँ बनी टीम की ताकत

शहडोल जिले का ग्राम विचारपुर, जिसे उत्कृष्ट फुटबॉल प्रतिभाओं के कारण “मिनी ब्राजील” के नाम से जाना जाता है, एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चमक रहा है। इस बार राज्य की अंडर-17 बालिका टीम में विचारपुर की पाँच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ है.
अर्चना बैगा, खुशी सिंह, पुनीता सिंह, सानिया कुंडे और राधनी सिंह

इन खिलाड़ियों ने अपने निरंतर अभ्यास, संघर्ष और प्रतिभा के दम पर राज्य टीम में जगह बनाई है। चयन के बाद से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।


पहले मैच में मध्यप्रदेश का दमदार प्रदर्शन

23 नवंबर को खेले गए पहले मुकाबले में टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। मध्यप्रदेश की फॉरवर्ड लाइन ने हिमाचल प्रदेश की डिफेंस को लगातार दबाव में रखा और पाँच गोल दागकर मैच अपने नाम किया। टीम की तालमेल, गति और तकनीक का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

अब टीम का अगला मुकाबला 25 नवंबर को महाराष्ट्र के खिलाफ होगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।


जिले में खुशी की लहर, अधिकारियों व प्रशिक्षकों ने दी शुभकामनाएँ

शहडोल की इन पाँचों बेटियों की उपलब्धि पर जिलेभर में खुशी की लहर है।
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रभारी अधिकारी अभिषेक दीवान, सहायक संचालक, कोच यशोदा सिंह, राजीव श्रीवास्तव, फुटबॉल कोच अनिल सिंह, सीताराम सहिस, लक्ष्मी सहिस, राजू बैगा, नीलेंद्र कुंडे सहित कई dignitaries ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।


गाँव की बेटियाँ बदल रहीं भविष्य की तस्वीर

विचारपुर की ये पाँच खिलाड़ी न केवल जिले का गौरव बढ़ा रही हैं, बल्कि खेल के माध्यम से गाँव की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद इनके जज़्बे ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा और लगन से हर सपने को साकार किया जा सकता है।

“मिनी ब्राजील” की ये उभरती खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर शहडोल और मध्यप्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उम्मीद है कि यह शानदार प्रदर्शन टूर्नामेंट के अंत तक जारी रहेगा और प्रदेश की टीम विजयी होकर लौटेगी।

The mukhbir से जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा कि रिपोर्ट

 

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!