April 17, 2026 4:44 pm

सच सीधा आप तक

जनसंख्या पर तोगड़िया का बयान: “हिंदू तीन बच्चे पैदा करें, तीसरे की फीस मैं दूंगा”

 

The mukhbir ब्यूरो-मंडला। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया रविवार को मंडला जिले के दौरे पर पहुंचे। जंतीपुर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद वे दोपहर 2 बजे कृषि उपज मंडी में आयोजित सभा को संबोधित किया। मंडला प्रवास के दौरान उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और हिंदू राष्ट्र पर कई बयान दिए, जिनकी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मोहन भागवत पर बड़ा बयान

कार्यकर्ताओं से चर्चा में तोगड़िया ने कहा कि यदि हिंदू राष्ट्र का निर्माण करना है तो इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ही सबसे सक्षम और योग्य व्यक्ति हैं।
उन्होंने कहा-
“हम मोहन भागवत के पीछे खड़े हैं। वे जो भी चाहें, करा सकते हैं। उनके नेतृत्व में हिंदू राष्ट्र की दिशा तय हो सकती है।” उन्होंने यह भी कहा कि जो भी संगठन या व्यक्ति हिंदू हितों के लिए काम करता है, उसे मोहन भागवत का सम्मान करना चाहिए।

जनसंख्या पर विवादित टिप्पणी

चर्चा के दौरान तोगड़िया ने जनसंख्या को लेकर भी अपनी राय रखी।
उन्होंने कहा- “हिंदुओं को कम से कम तीन बच्चे पैदा करने चाहिए। तीसरे बच्चे की स्कूल फीस मैं खुद भरवाऊंगा। संख्या बढ़ेगी, तभी समाज मजबूत होगा।”

उनका यह बयान सोशल और राजनीतिक दोनों मंचों पर बहस का विषय बना हुआ है।

संगठन विस्तार और ग्रामीण रणनीति पर चर्चा

मंडला पहुंचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने तोगड़िया का स्वागत किया। उन्होंने जिले के पदाधिकारियों के साथ संगठन की मजबूती, ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य विस्तार और हिंदू संगठनों की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।

सभा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

रविवार कि दोपहर कृषि मंडी में होने वाली सभा के लिए जिलेभर से कार्यकर्ताओं का पहुंचना जारी है। बड़ी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। अधिकारियों की नजर भाषणों और कार्यक्रम की गतिविधियों पर रहेगी।

शहडोल दौरा आज

मंडला प्रवास के बाद डॉ. प्रवीण तोगड़िया आज शहडोल जिले के दौरे पर भी रहेंगे, जहां वे कई निजी कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

राजनीतिक हलकों में चर्चा

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तोगड़िया का यह मध्यप्रदेश दौरा आगामी चुनावों से पहले संगठन विस्तार और माहौल बनाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। मंडला की सभा को प्रदेश व्याप्त संदेश देने वाला माना जा रहा है।

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!