April 17, 2026 4:39 pm

सच सीधा आप तक

मिनी ब्राजील में जर्मन कोच का आगमन: प्रतिभावानों के संग संवाद, भारतीय परंपरा ने जीता दिल

The mukhbir शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम विचारपुर, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “मिनी ब्राजील” की उपाधि दी गई है, वहां फुटबॉल प्रतिभाओं और उनके अभिभावकों के लिए यह सप्ताह अविस्मरणीय बन गया। जर्मनी के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब एफसी इंगोलस्टाड्ट 4 के कोच डाइटमार बीयर्सडॉर्फ, कौशिक मौलिक और मैन्युअल स्केफर ने विचारपुर पहुंचकर खिलाड़ियों व उनके परिवारों से सीधा संवाद किया।

राष्ट्रीय खिलाड़ियों के घर पहुँचे जर्मन कोच

कोच बीयर्सडॉर्फ हाल ही में 5 से 12 अक्टूबर तक जर्मनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे विचारपुर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों वीरेंद्र बैगा, लक्ष्मी सहीस और सानिया कुंडे के घर पहुंचे। उन्होंने अभिभावकों से चर्चा करते हुए कहा कि इतने छोटे से गांव से निकलकर भारत के युवा खिलाड़ी जिस तरह अपनी प्रतिभा से दुनिया में पहचान बना रहे हैं, वह गर्व की बात है।

अभिभावकों ने भी भारतीय परंपरा के अनुसार हाथ जोड़कर अतिथियों का स्वागत किया और बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए जर्मन कोच को धन्यवाद दिया।

प्रधानमंत्री के उल्लेख के बाद खुला अंतरराष्ट्रीय रास्ता

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ सहित अनेक मंचों पर विचारपुर के खिलाड़ियों की सराहना ने इस गांव को वैश्विक पहचान दिलाई। उनके उल्लेख के बाद जर्मनी के एफसी इंगोलस्टाड्ट 4 क्लब ने विचारपुर के खिलाड़ियों और कोच को 4 से 12 अक्टूबर 2025 तक जर्मनी में प्रशिक्षण का अवसर प्रदान किया।

इस प्रशिक्षण शिविर के लिए विचारपुर से कुल पाँच खिलाड़ी और एक महिला प्रशिक्षक का चयन हुआ. जिसमें लक्ष्मी सहीस (कोच), सानिया कुंडे, सुहानी कोल, प्रीतम कुमार, वीरेंद्र बैगा, मनीष घसिया ये सभी युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत, जुनून और खेल के प्रति समर्पण से प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

कलेक्टर द्वारा गर्मजोशी से स्वागत

विचारपुर के इस विशेष दौरे पर शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जर्मन अतिथियों का भारतीय परंपरा के अनुसार भावपूर्ण स्वागत किया। कलेक्टर ने उन्हें शाल ओढ़ाई, माला पहनाई और गौतम बुद्ध की प्रतिमा तथा फुटबॉल भेंट कर सम्मानित किया।

जर्मन कोच बीयर्सडॉर्फ ने भी अपनी पारंपरिक शैली में कलेक्टर डॉ. सिंह और विचारपुर में फुटबॉल की नींव रखने वाले वरिष्ठ खिलाड़ी श्री सुरेश कुंडे का सम्मान किया और भारतीय आतिथ्य की सराहना की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित

समारोह में जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक के साथ अजय सोंधिया, राजीव श्रीवास्तव, कोच अनिल सिंह, लक्ष्मी सहीश, सीताराम सहीश, रहीम खान, नीलेंद्र कुंडे, नरेश कुंडे, जसराम साहू, रजनी सिंह, पुष्पराज सिंह, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ी शामिल हुए।

विचारपुर: जहां फुटबॉल सिर्फ खेल नहीं, एक पहचान है

“मिनी ब्राजील” के नाम से प्रसिद्ध विचारपुर लगातार अपनी फुटबॉल प्रतिभा से प्रदेश का गौरव बढ़ा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचों का गांव में आगमन न केवल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि खेल के नए अध्याय की शुरुआत भी है।

यह दौरा विचारपुर के युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देने वाला साबित हुआ है।

The mukhbir से जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा की रिपोर्ट

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!