
The mukhbir शहडोल। जिले के जयसिंहनगर विकासखंड अंतर्गत स्थित सरकारी आश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी में प्रशासन के एक फ़ैसले ने बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया। स्कूल परिसर, जहाँ बच्चों को पढ़ाई-लिखाई और शिक्षा की सुविधाएँ मिलनी चाहिए, वहीं धान खरीदी केंद्र बनाने की तैयारी होते ही पूरा विद्यालय आक्रोश से भर उठा।
फैसले की खबर मिलते ही विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएँ और ग्रामीण एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन में बैठ गए।
छात्रों ने उठाया बड़ा सवाल: स्कूल है या मंडी
दुर्गा स्वयं-सहायता समूह द्वारा विद्यालय परिसर में धान खरीदी केंद्र बनाने की कवायद शुरू होते ही छात्रों ने तीखा विरोध जताया। छात्रों का कहना था कि..
-
परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और भारी वाहनों की आवाजाही से पढ़ाई बाधित होगी।
-
सुरक्षा तथा स्वच्छता का संकट खड़ा हो जाएगा।
-
शोर-गुल और भीड़ के कारण कक्षाओं का माहौल पूरी तरह बिगड़ जाएगा।
छात्रों ने साफ कहा कि स्कूल परिसर पढ़ाई के लिए है, किसी खरीदी केंद्र या व्यापारिक गतिविधि के लिए नहीं।
स्थिति बनी तनावपूर्ण, भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा
करीब दो घंटे तक चले विरोध के दौरान छात्रों ने अपने हाथों में तख्तियाँ लेकर नारेबाजी की और निर्णय वापस लेने की मांग की।
विरोध बढ़ते देख विद्यालय प्रबंधन और पुलिस टीम मौके पर पहुँची, लेकिन छात्र अपने स्टैंड (मांगो) पर अड़े रहे।
ग्रामीणों का भी कहना था कि धान खरीदी के लिए क्षेत्र में पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है, फिर भी विद्यालय को ही चुना गया, जो बिल्कुल अनुचित है।
निर्णय वापस नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
आक्रोशित छात्रों और अभिभावकों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि स्कूल परिसर में धान खरीदी केंद्र बनाने का निर्णय तुरंत वापस नहीं लिया गया तो बड़े पैमाने पर उग्र आंदोलन होगा।
एसडीएम और छात्रों के बीच चर्चा
मामला बढ़ता देख एसडीएम जयसिंहनगर सहित संबंधित अधिकारियों ने छात्रों व ग्रामीणों से चर्चा की। जयसिंहनगर एसडीएम ने कहा कि
“छात्रों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार का व्यवधान स्वीकार नहीं है। मामले की जाँच कर उचित निर्णय लिया जाएगा।”
छात्रों का कहना…
छात्र प्रतिनिधियों ने कहा:
“हम स्कूल पढ़ने आते हैं, ट्रैक्टर-लोडर और धान की बोरियों के बीच पढ़ाई असंभव है। प्रशासन तुरंत यह निर्णय वापस ले।”
The mukhbir के लिए चंदन कुमार वर्मा की रिपोर्ट
Author: The Mukhbir
Post Views: 430










