
कलेक्ट्रेट पहुँचे सैकड़ों लोग, प्रशासन को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम संयुक्त ज्ञापन
The mukhbir राहुल सिंह राणा, शहडोल। शहडोल जिले के जांबाज आरक्षक क्रमांक 98 महेश पाठक की ड्यूटी के दौरान हुई मौत ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इसी क्रम में बुधवार को सैकड़ो शहडोलवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन के नाम का शहडोल कलेक्टर के माध्यम से सौंपा गया, जिसमें आरक्षक स्व. महेश पाठक को “शहीद का दर्जा” देने की मांग उठाई गई है।
कर्तव्य के दौरान जान गंवाने वाला प्रहरी
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 7 दिसंबर 2025 को आरक्षक स्व. महेश पाठक शहडोल बस स्टैंड पर अपनी ड्यूटी पर तैनात थे।
दोपहर के समय एक अनियंत्रित बस दादू एंड संस ने तेज़ रफ्तार में उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
पिछले कई दिनों से आरक्षक पाठक बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने, बस स्टैंड व्यवस्था सुधार का कार्य कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने कहा कि उनकी तैनाती से बस स्टैंड क्षेत्र में व्यवस्था और विश्वास दोनों मजबूत हुए थे।
उनकी अचानक मौत से आमजन में शोक और भय का वातावरण बन गया है।
जिलावासियों की मांग “महेश पाठक को मिले शहीद का दर्जा”
नागरिकों का कहना है कि जिस समय दुर्घटना हुई, आरक्षक पाठक कर्तव्य पालन में पूरी निष्ठा से लगे हुए थे, इसलिए उनकी मृत्यु को कर्तव्य-निष्ठा में बलिदान माना जाना चाहिए।
इसलिए उन्हें शहीद घोषित कर शासन से मिलने वाली सभी शहीद श्रेणी की सुविधाएँ उनके परिवार को प्रदान की जाएँ।
कड़े दंड की मांग, बस चालक और वाहन मालिक पर कार्रवाई
ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि घटना कारित करने वाले बस चालक व वाहन स्वामी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसे लापरवाहियों पर रोक लग सके।
बस स्टैंड पार्क में प्रतिमा स्थापना की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से दो महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं
1️⃣ शहडोल बस स्टैंड का नामकरण:
इसे “दिवंगत आरक्षक महेश पाठक बस स्टैंड” के नाम से जाना जाए।
2️⃣ प्रतिमा स्थापना:
बस स्टैंड परिसर स्थित उद्यान में आरक्षक महेश पाठक की पुलिस यूनिफॉर्म में भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए।
जिले में गहरा शोक, प्रशासन की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा
आरक्षक पाठक की मृत्यु के बाद जिलेभर में शोक की लहर है। नागरिकों ने कहा कि महेश पाठक ने जनता की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया, इसलिए उन्हें पूर्ण सम्मान मिलना चाहिए। प्रशासन की ओर से ज्ञापन पर प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है। ज्ञापन के दौरान समाजसेवी सबी ख़ान बंटी, पार्षद विकास तिवारी, पार्षद सिल्लू रजक, पार्षद प्रभात पांडे, पार्षद राजा यादव, शेख आबिद, अर्चना सिंह, अंजलि,रेणुका, आशीष गोले, मोहसिन खान, शुभम मिश्रा, अज़हर, दानिश, गोल्डी, सुमित पनिका, शिवा सिंह, प्रीतम सिंह, आशीष सिंह, अमर सिंह, प्रकाश सिंह, सागर चौधरी, सैफ़ ख़ान, अनुज सिंह, कुलदीप यादव, रौशन चौधरी, अभय, अर्श अली, विवेक,राज, आदित्य, आशु गौतम, मानिया के साथ सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।
Author: The Mukhbir
Post Views: 497









