
वन विभाग अलर्ट, 6 किमी क्षेत्र में सघन निगरानी
The mukhbir राहुल सिंह राणा-उमरिया। उमरिया जिले के धमोखर वन परिक्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नियमित गश्त पर निकले वन अमले को बीट बद्रेहल क्षेत्र के घने जंगल में एक तेंदुए का शव पड़ा मिला। जंगल के भीतर इस तरह की घटना सामने आते ही वन विभाग हरकत में आ गया और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर मौके पर जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल और उसके आसपास मादा बाघ एवं तेंदुए के ताजे पगचिह्न मिलने से वन्यजीवों के आपसी संघर्ष की आशंका गहराती नजर आई। वन अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध परिस्थितियां इस ओर इशारा करती हैं कि तेंदुए की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है, जो संभवतः क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर बाघ और तेंदुए के बीच हुए टकराव का नतीजा हो सकती है। उल्लेखनीय है कि जंगलों में अपने इलाके को लेकर बड़े मांसाहारी वन्यजीवों के बीच संघर्ष की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं।
शिकार की आशंका से इनकार
मृत तेंदुए के शरीर की बारीकी से जांच की गई, जिसमें उसके नाखून, दांत और मूंछें पूरी तरह सुरक्षित पाई गईं। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि घटनास्थल पर न तो कोई फंदा मिला है और न ही किसी प्रकार के मानव हस्तक्षेप या अवैध शिकार के संकेत पाए गए हैं। इससे फिलहाल शिकार की आशंका से इनकार किया गया है।
6 किलोमीटर क्षेत्र में हाई अलर्ट
घटना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने एहतियातन लगभग 6 किलोमीटर की परिधि में विशेष निगरानी दल तैनात कर दिए हैं। लगातार सर्च अभियान और मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि अन्य वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
मानक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई
वन अधिकारियों के अनुसार, पूरी कार्रवाई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम सहित सभी वैधानिक प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जाएंगी, जिससे मृत्यु के वास्तविक कारणों की अंतिम पुष्टि हो सके।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जंगल क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना प्राकृतिक वन्यजीव व्यवहार से जुड़ी प्रतीत होती है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
The mukhbir टीम
Author: The Mukhbir
Post Views: 204









