
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला करेंगे शुभारंभ, 30 टीमों के 358 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम..
The mukhbir शहडोल। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग एवं लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार 69वीं राष्ट्रीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ आज 19 दिसंबर को प्रातः 11 बजे जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला द्वारा किया जाएगा।
ये रहेंगे प्रमुख अतिथि
शुभारंभ अवसर पर शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह अध्यक्षता करेंगी।विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक जयसिंह मरावी, श्रीमती मनीषा सिंह, शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, जिला योजना समिति सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, नगरपालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरावती कोल उपस्थित रहेंगी।

देशभर से आई 30 टीमें, 358 खिलाड़ी लेंगे भाग
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 19 दिसंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आई 30 टीमों के कुल 358 खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के लिए महात्मा गांधी स्टेडियम, गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल, डाइट परिसर एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय मैदान को खेल स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है।
तैयारियों के प्रशासनिक दावे
प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता को लेकर मैदानों की साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था, रंगाई-पुताई, बैनर-पोस्टर, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं पार्किंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण किए जाने का दावा किया गया है।
अव्यवस्थाओं के बीच शुरू होगी प्रतियोगिता
जहाँ एक ओर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रही है। मिडिया रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को प्रतियोगिता की तैयारी के तहत अभ्यास कर रही कोलकाता से आई बालिका खिलाड़ियों को पेयजल की भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खिलाड़ियों ने बताया कि अभ्यास के दौरान प्यास लगने पर उन्हें शासकीय नवीन बालिका छात्रावास (सेकेंडरी एजुकेशन) से काफी दूर स्थित शासकीय दिव्यांग बालक छात्रावास तक पैदल जाना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा दोनों छात्रावासों में संयुक्त रूप से भोजन की व्यवस्था की गई है, जिसके चलते खिलाड़ियों को पानी पीने के लिए भी वहीं जाना मजबूरी बन गई।
खिलाड़ियों की पीड़ा
पानी की व्यवस्था दूर होने से परेशान खिलाड़ियों ने बताया कि उन्हें पेट भरकर पानी पीना पड़ता है, ताकि बार-बार प्यास न लगे। यह स्थिति राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए असुविधाजनक और चिंताजनक मानी जा रही है।
अब निगाहें प्रशासन पर
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ मिलना अनिवार्य है। ऐसे में उद्घाटन से पहले व्यवस्थाओं में सुधार करना जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
The mukhbir के लिए चंदन कुमार वर्मा कि रिपोर्ट
Author: The Mukhbir
Post Views: 329









