April 17, 2026 6:00 pm

सच सीधा आप तक

SIR के बाद मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के साथ दावा-आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू

विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की प्रगति पर कलेक्टर ने दी विस्तृत जानकारी

The mukhbir शहडोल। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही दावा-आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया भी औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय स्थित विराट सभागार में आयोजित प्रेस-कान्फ्रेंस में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. केदार सिंह ने पत्रकारों को कार्यक्रम की प्रगति से अवगत कराया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर 2026 के दौरान जिले में एएसडीआर सूची में कुल 49,017 मतदाता शामिल पाए गए हैं। इनमें 12,277 मृत मतदाता, 7,853 अनुपस्थित, 25,988 स्थानांतरित, 2,780 दोहरी प्रविष्टि वाले तथा 119 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिले में 4,895 ऐसे मतदाता हैं जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है। इसका प्रमुख कारण वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाना है।
डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि इन मतदाताओं के मामलों में पृथक से सुनवाई की जाएगी तथा साक्ष्य प्रस्तुत करने पर उनके नाम मतदाता सूची में पुनः जोड़े जा सकेंगे। विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति बताते हुए उन्होंने कहा कि 83-ब्यौहारी में 474, 84-जयसिंहनगर में 2,458 और 85-जैतपुर में 1,963 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है।
मतदान केंद्रों की संख्या में हुआ इजाफा
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिन मतदान केंद्रों पर 1,200 से अधिक मतदाता थे, उन्हें विभाजित कर नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

68 मतदान केंद्र बढ़े, 49,017 मतदाता घटे

विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले जिले में 966 मतदान केंद्र थे, जो अब बढ़कर 1,034 हो गए हैं।
मतदाता संख्या में कमी, आंकड़े स्पष्ट
विशेष गहन पुनरीक्षण से पूर्व जिले में कुल 7,98,190 मतदाता थे, जो पुनरीक्षण के बाद घटकर 7,49,173 रह गए हैं। विभिन्न कारणों से कुल 49,017 मतदाता मतदाता सूची से कम हुए हैं। पुनरीक्षण के पश्चात जिले का जेंडर रेसियो 948.05 तथा ईपिक रेसियो 61.16 दर्ज किया गया है।

विशेष श्रेणी के मतदाताओं की स्थिति 

जिले में वर्तमान में सर्विस वोटर: 362, 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता: 3,037, दिव्यांग मतदाता: 14,181, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाता: 6,955 हैं। फॉर्म के माध्यम से दावा-आपत्ति जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म-6 नए मतदाताओं का नाम जोड़ने हेतु, फॉर्म-7 अनुपस्थित अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने हेतु और फॉर्म-9 संशोधन के लिए
उपयोग किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम सूची से छूट गए हैं, उन्हें भी आवेदन का पूरा अवसर दिया जा रहा है।
प्रेस कान्फ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अमृता गर्ग, निर्वाचन पर्यवेक्षक संजय खरे एवं जी.के. पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!