April 17, 2026 4:37 pm

सच सीधा आप तक

बस स्टैंड पर अब नहीं चलेगी मनमानी, सख़्त हुई यातायात व्यवस्था

 


The mukhbir चंदन कुमार वर्मा, शहडोल।
शहर में लगातार बिगड़ते यातायात और बस स्टैंड परिसर में हो रही अव्यवस्था को लेकर अब यातायात विभाग एक्शन मोड में आ गया है। बस स्टैंड पर लंबे समय से खड़ी जर्जर बसों और अव्यवस्थित पार्किंग को सुधारने के लिए यातायात पुलिस ने सख़्त कदम उठाए हैं।

यातायात प्रभारी प्रियंका शर्मा ने बताया कि यातायात विभाग ने सभी बस मालिकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी बस प्रस्थान से 30 मिनट पहले और आगमन के 20 मिनट बाद तक ही बस स्टैंड परिसर में रुकी रह सकती है। तय समय से अधिक बस स्टैंड पर खड़ी रहने पर वाहन स्वामी के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।

इस संबंध में 06 नवंबर 2025 को थाना यातायात परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी बस मालिकों को बुलाया गया है। इस बैठक में सभी की सहमति से एक निश्चित समय-सारिणी (Time Schedule) तय की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार लाया जा सके।

जर्जर बसों पर चला विभाग का डंडा

यातायात प्रभारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान तीन बसें
(MP 18 P 3055, MP 18 P 1955, MP 18 ZA 6399)  ऐसी पाई गईं जो चलने लायक नहीं थीं। इन बसों को तत्काल बस स्टैंड परिसर से हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

इसके अलावा, दो अन्य बसें (MP 18 T 0256 और बिना नंबर की हीराकुंड बस) तथा दो एम्बुलेंस (MP18 DA 0477 और MP18 DA 1277) भी सड़क किनारे अनुपयोगी अवस्था में खड़ी मिलीं। इन्हें हटाने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।

शहर की सड़कों पर मिलेगी राहत

यातायात विभाग के इस निर्णय से उम्मीद की जा रही है कि बस स्टैंड के आसपास की भीड़भाड़ और अव्यवस्था में सुधार होगा। लंबे समय से यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।


लापरवाही से खड़े सात वाहनों पर ₹ 3,500 का जुर्माना

शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यातायात विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बुढ़ार चौक से लालू सिंह चौक के बीच स्थित नए विशाल मेगा मार्ट के सामने सड़क किनारे लापरवाहीपूर्वक खड़े सात वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल ₹ 3,500 का जुर्माना लगाया गया।

यातायात प्रभारी ने बताया कि यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहाँ दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। इस दौरान सड़क पर अनियमित रूप से खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को परेशानी होती है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर खड़े सात वाहनों के चालान काटे और वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, मेगा मार्ट के संचालक और ग्राहकों को भी समझाइश दी गई कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़े करें। सड़क किनारे वाहन खड़ा करना न सिर्फ यातायात में बाधा उत्पन्न करता है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ा देता है।

यातायात विभाग की सख्ती से सुधरेगी व्यवस्था

यातायात पुलिस का कहना है कि शहर के मुख्य मार्गों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने साफ किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

शहडोल शहर में तेजी से बढ़ रहे यातायात को देखते हुए विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क अनुशासन का पालन करें और शहर को जाममुक्त बनाने में सहयोग करें।

अब प्रशासन के सख़्त रवैये से स्पष्ट संदेश गया है.
“सड़कें सबकी हैं, लेकिन अव्यवस्था किसी की भी नहीं चलेगी”

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!