April 17, 2026 10:29 pm

सच सीधा आप तक

अमलाई में फिर हुई मालगाड़ी के पहियों की पटरी से उतरने की घटना: मेंटेनेंस की लापरवाही बनी वजह

 

The mukhbir जितेंद्र विश्वकर्मा-शहडोल। जिले के अमलाई स्थित ओरियंट पेपर मिल में एक बार फिर मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए। यह हादसा शुक्रवार तड़के लगभग साढ़े पाँच बजे उस समय हुआ जब माल अनलोड कर लौट रही गाड़ी अमलाई रेलवे स्टेशन की मेन लाइन की ओर जा रही थी। सौभाग्य से इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

यह घटना विशेष रूप से चिंताजनक इसलिए है क्योंकि सप्ताह भर के भीतर यह दूसरी बार इसी रेल मार्ग पर डिरेलमेंट हुआ है। बार-बार हो रही इन घटनाओं ने मिल प्रबंधन की लापरवाही और ट्रैक की खराब स्थिति को उजागर कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, मिल परिसर के भीतर तक जाने वाली रेल लाइन का रखरखाव और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी ओरियंट पेपर मिल प्रबंधन की है, लेकिन लंबे समय से इस ट्रैक का उचित रखरखाव नहीं किया गया है। ट्रैक की पटरियाँ घिस चुकी हैं और तकनीकी खामियों के कारण आए दिन ऐसी दुर्घटनाएँ घट रही हैं।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कभी-कभी तकनीकी समस्याओं की वजह से भी ऐसी घटनाएँ होती हैं, लेकिन लगातार हो रहे हादसे इस बात का संकेत हैं कि ट्रैक की स्थिति बेहद जर्जर है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुँचकर सुधार कार्य शुरू कर दिया।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह ट्रैक वर्षों पुराना है और इसका नियमित मेंटेनेंस नहीं किया जाता। उनका कहना है कि मिल प्रबंधन को तुरंत ट्रैक की मरम्मत करानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएँ न हों।

एक सप्ताह पहले भी हुआ था हादसा
सिर्फ कुछ दिन पहले, अमलाई में माल लेकर जा रही एक मालगाड़ी के डिब्बों के दो पहिए अचानक पटरी से उतर गए थे। यह घटना बुढ़ार-अनूपपुर मुख्य मार्ग पर हुई थी। उस समय फाटक बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई थी। राहगीरों ने घटना का वीडियो भी बनाया था, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना।

लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि ओरियंट पेपर मिल के अंदर का निजी रेल ट्रैक बेहद खराब हालत में है। स्थानीय लोगों और रेलवे अधिकारियों दोनों का मानना है कि यदि जल्द मेंटेनेंस कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में इससे बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।

अमलाई में बार-बार हो रहे रेल हादसे सिर्फ तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि मेंटेनेंस की अनदेखी का परिणाम हैं। अब जरूरी है कि ओरियंट पेपर मिल प्रबंधन और रेलवे विभाग मिलकर इस निजी ट्रैक की मरम्मत करवाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Team the mukhbir….

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!