April 18, 2026 1:00 am

सच सीधा आप तक

कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा सप्ताह की बैठक सम्पन्न

ब्लैक स्पॉट सुधार, रम्बल स्ट्रिप और साइनेंज पर दिया गया ज़ोर

The mukhbir शहडोल। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा सप्ताह की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक, पुलिस एवं सड़क निर्माण एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए दुर्घटना-रोधी उपायों पर विशेष चर्चा की गई।

ब्लैक स्पॉट पर तुरंत सुधार के निर्देश

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर तत्काल सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इन स्थानों पर—

  • संकेतक बोर्ड
  • रम्बल स्ट्रिप
  • सफेद पॉलिश / पेंट
  • आवश्यक मरम्मत

अत्यंत आवश्यक हैं और संबंधित एजेंसियों को इसे प्राथमिकता के साथ पूरा करना होगा।

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को खतरनाक मोड़ों पर साइनेंज लगाने, सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई कराने और दृश्यता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग, अत्यधिक भीड़-भाड़ वाली सड़कों पर गति अवरोधक तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया।

पुलिस अधीक्षक का सुझाव “समन्वित प्रयास ही समाधान”

बैठक में उपस्थित पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस और सड़क निर्माण एजेंसियों के बीच समन्वित कार्यवाही बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिले के देवलोंद, ब्यौहारी, जयसिंहनगर, गोहपारू, शहडोल, बुढ़ार और जैतपुर थाना क्षेत्रों में सबसे अधिक दुर्घटनाएं दर्ज हुई हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि जिले के नेशनल हाईवे पर कुल 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित हैं, जहां दुर्घटनाओं की संख्या अधिक है। ग्रामीण सड़कों के मुख्य मार्गों से जुड़ने वाले स्थानों पर भी दुर्घटनाएं बढ़ी हैं, जिसके लिए रम्बल स्ट्रिप, व्हाइट लाइनिंग तथा साइनेज अत्यंत प्रभावी होंगे।

संयुक्त निरीक्षण की आवश्यकता पर बल

पुलिस अधीक्षक ने सुझाव दिया कि सड़क निर्माण एजेंसियां, पुलिस और यातायात विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण कर तकनीकी सुधार करें, ताकि दुर्घटना-जनित मृत्यु एवं नुकसान में कमी लाई जा सके। उनके अनुसार छोटे-छोटे सुधार और सतर्कता से जिले की सड़क सुरक्षा में बड़ा बदलाव आ सकता है।

इन अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति, लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री, एमपीआरडीसी प्रतिनिधि, तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल उपस्थित रहे।

The mukhbir टीम शहडोल 

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!