April 17, 2026 10:30 pm

सच सीधा आप तक

कलेक्टर की मानवीय पहल से यशराज के जीवन को मिली नई दिशा

राहुल सिंह राणा, शहडोल। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की संवेदनशीलता और त्वरित पहल ने वार्ड नंबर 13 के 14 वर्षीय यशराज सैनी के जीवन में नई उम्मीद की किरण जलाई है। माता-पिता के निधन के बाद अपनी दृष्टिबाधित दादी के सहारे जीवन बिता रहे यशराज ने जब कलेक्टर से मिलकर अपनी समस्याएँ बताईं, तो कलेक्टर ने न सिर्फ ध्यानपूर्वक उन्हें सुना बल्कि तत्काल प्रभाव से आवश्यक सहायता प्रदान भी की।
सुनवाई नहीं, समाधान दिया, कलेक्टर की संवेदनशीलता की मिसाल
कलेक्टर ने यशराज को अपने समक्ष बैठाकर उनकी शिक्षा, आजीविका और पारिवारिक कठिनाइयों को समझा। व्यावहारिक समाधान करते हुए उन्होंने यशराज को स्कूल आने-जाने के लिए नई साइकिल उपलब्ध कराई, ताकि उसकी पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा न आए।
इसके साथ ही, यशराज के अनाथ होने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की फास्टर केयर योजना के तहत प्रति माह ₹4000 की आर्थिक सहायता स्वीकृत करवाई। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए खाद्यान्न की पात्रता पर्ची भी जारी करने के निर्देश दिए, जिससे दैनिक जरूरतों की पूर्ति सुनिश्चित हो सके।
दादी की देखभाल का संपूर्ण प्रबंध
कलेक्टर ने ठंड से बचाव हेतु यशराज और उसकी दादी के लिए गर्म कपड़ों की व्यवस्था करवाई। साथ ही यशराज की दृष्टिबाधित दादी को जिला चिकित्सालय भेजकर उनका संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
शिक्षा के प्रति प्रेरित हुआ यशराज
रघुराज स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 8वीं कक्षा का छात्र यशराज अब नए मनोबल और ऊर्जा के साथ पढ़ाई करने का संकल्प ले चुका है। उसने कलेक्टर की उदार पहल के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहायता उसके जीवन में नई उड़ान भरने में अत्यंत सहायक होगी।
व्यक्तिगत स्तर पर भी की मदद
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने स्वयं ₹5,100 की सहायता राशि प्रदान की।
साथ ही जिला बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती कल्याणी बाजपेई और सहायक संचालक महिला बाल विकास श्रीमती संजीता भगत ने भी ₹500-₹500 की आर्थिक सहायता दी।
मानवता की मिसाल प्रशासन का संवेदनशील चेहरा
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि जब प्रशासन संवेदनशीलता के साथ आगे आता है, तो किसी जरूरतमंद बच्चे के जीवन में रोशनी भर सकता है। कलेक्टर की यह पहल यशराज को न सिर्फ सुरक्षा का एहसास दिलाती है, बल्कि उसके भविष्य की उड़ान को मजबूत पंख भी देती है।
शहडोल प्रशासन की यह मानवीय पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है और यह संदेश देती है कि सरकारी तंत्र जब मन से मदद करता है, तो किसी की जिंदगी बदल सकती है।

The mukhbir टीम शहडोल 

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!