April 17, 2026 7:57 pm

सच सीधा आप तक

निर्माणधीन मकान बना मौत का जाल, चौथी मंजिल से गिरकर मजदूर की दर्दनाक मौत

The mukhbir राहुल सिंह राणा, शहडोल। निर्माणधीन इमारतों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर एक मजदूर की जान ले गई। शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे जिले के पाली थाना अंतर्गत ग्राम आमगार निवासी जागेंद्र सिंह उर्फ गुड्डा (40 वर्ष) की चौथी मंजिल से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह एक निर्माणधीन मकान में सेंटरिंग का कार्य कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं मुखबिर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 29 बीज गोदाम के पास काम के दौरान अचानक जागेंद्र सिंह का पैर फिसल गया और वह संतुलन खो बैठा। ऊँचाई से सीधे नीचे गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद ठेकेदार एवं अन्य मजदूर आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल शहडोल लेकर पहुंचे, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक जागेंद्र सिंह अपने परिवार का मुख्य सहारा बताया जा रहा है। मृतक के दो छोटे बच्चे भी हैं। उसकी असामयिक मौत ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, तथा क्या ठेकेदार की लापरवाही इस हादसे की वजह बनी।

सवालों के घेरे में सिस्टम

इस घटना ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर कब तक मजदूर बिना हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के ऊँचाई पर काम करने को मजबूर होते रहेंगे। नियम कागजों में हैं, लेकिन जमीनी हकीकत हर बार किसी न किसी की जान लेकर सामने आती है।
अब देखना यह होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई होती है या यह मामला भी फाइलों में दफन होकर रह जाएगा।

The mukhbir टीम 

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!