April 17, 2026 6:25 pm

सच सीधा आप तक

नगरपालिका के नोटिस को ठेंगा…बेसमेंट में धड़ल्ले से चल रहा अवैध कारोबार

The mukhbir राहुल सिंह राणा शहडोल। नगरपालिका परिषद शहडोल द्वारा स्पष्ट नोटिस जारी किए जाने के बावजूद शहर में नियम-कानून को खुलेआम चुनौती दी जा रही है। शहर के वार्ड क्रमांक 1, 4, 7, 8, 11, 15, 16, 18, 23, 24 और 28 स्थित भवन अनुज्ञा के विपरीत बेसमेंट (तलघर) का उपयोग आज भी धड़ल्ले से व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

नगरपालिका शहडोल द्वारा 4 नवंबर 2025 को जारी नोटिस (क्रमांक 8679) में साफ तौर पर उल्लेख किया गया है कि संबंधित भवन का बेसमेंट मध्यप्रदेश भूमि विकास नियम 2012 की धारा 76 के विरुद्ध उपयोग में लिया जा रहा है। नियमों के अनुसार बेसमेंट का उपयोग केवल अज्वलनशील सामग्री के भंडारण, रेडिशन कक्षा (चिकित्सा उपचार एवं अनुसंधान से संबंधित कार्य), वातानुकूलन उपकरण, मशीनरी अथवा वाहन पार्किंग के लिए ही किया जा सकता है।
इसके बावजूद निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि बेसमेंट में दुकानें एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं, जो न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

15 दिन का अल्टीमेटम… फिर भी बेखौफ संचालक

नगरपालिका ने नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी थी कि 15 दिवस के भीतर अवैध व्यावसायिक उपयोग बंद किया जाए, अन्यथा एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि नोटिस के बाद भी न तो दुकानें बंद हुईं और न ही प्रशासनिक निर्देशों का पालन किया गया।

प्रशासन की चुप्पी, मिलीभगत की आशंका

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नोटिस जारी हो चुका है, और जिसकी प्रतिलिपि आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल, कमिश्नर शहडोल, कलेक्टर शहडोल और पुलिस अधीक्षक शहडोल के साथ साथ संयुक्त संचालक नागरिक प्रशासन एवं विकास विभाग संभाग शहडोल तक को भेजी जा चुकी है, तो फिर कार्रवाई शून्य क्यों. क्या यह प्रशासनिक लापरवाही है या फिर पर्दे के पीछे कोई मिलीभगत है।

शहर की सुरक्षा से खिलवाड़

शहर में वर्तमान समय पर नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत लगभग 15 बेसमेंट होने कि जानकारी है. जिनमें से अधिकांश बेसमेंटो का व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियाँ आगजनी, दमघोंटू हादसे और आपातकालीन निकासी जैसी गंभीर समस्याओं को जन्म दे सकती हैं। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर व्यापार जारी रहना, पूरे सिस्टम पर सवालिया निशान है।

The mukhbir का सवाल

क्या नगरपालिका का नोटिस सिर्फ कागज़ी कार्रवाई बनकर रह गया है. या फिर नियम केवल आम नागरिक और गरीब तबके के लोगों के लिए हैं. दोषियों पर कार्रवाई कब…?

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस खुले उल्लंघन पर कब तक आंख मूंदे बैठा रहता है या फिर वास्तव में कानून का डंडा चलता है।
शहडोल में यह मामला अब सिर्फ नियम उल्लंघन नहीं, बल्कि प्रशासनिक साख की अग्निपरीक्षा बन चुका है।
इन्होंने कहा…
अधिकांश लोगों को नोटिस जारी कि गई है. जल्द से जल्द कार्यवाही कि जाएगी.
अक्षत बुंदेला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शहडोल 

The mukhbir टीम शहडोल 

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!