April 17, 2026 7:27 pm

सच सीधा आप तक

रेत माफिया पर दिखावटी वार या बड़ी साजिश की पर्दाफाश


ब्यौहारी में 11 वाहन जप्त, मगर शहर में धड़ल्ले से जारी अवैध रेत का कारोबार

The mukhbir राहुल सिंह राणा, शहडोल। जिले में वैध रेत खदान नहीं होने के कारण अवैध रूप से रेत-माफिया द्वारा रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किए जाने की खबरें लगातार सामने आ रही थी जिसकी सूचना लगातार कलेक्टर शहडोल तक पहुंच रही थी बीती रात जिले में लंबे समय से फल-फूल रहे रेत-माफिया के अवैध साम्राज्य पर आखिरकार प्रशासन ने कड़ा प्रहार किया। शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार शनि द्विवेदी द्वारा ब्यौहारी क्षेत्र में ओवर लोड रेत का परिवहन करते हुए 10 हाइवा और 1 डंपर को जप्त किया गया। कार्रवाई के दौरान सभी वाहनों में ओवरलोड अवैध रेत पाई गई, जिसे नियमानुसार जब्त कर कार्यवाही की गई।
विभाग द्वारा जप्त किए गए वाहनों में हाइवा क्रमांक MP-18-H-4918, MP-17-ZB-9865, MP-17-HH-4020, MP-18-H-4918 और डंपर क्रमांक UP-93-AT-9435 के साथ अन्य वाहन शामिल हैं।

सवालों के कटघरे में विभाग और खाकी

यह कार्रवाई कलेक्टर शहडोल डॉ. केदार सिंह के निर्देशन में की गई, लेकिन इससे पहले उठ रहे सवाल आज भी जस के तस खड़े हैं। क्या यह कार्रवाई वास्तव में रेत-माफिया की कमर तोड़ने के लिए है या फिर बढ़ते दबाव को शांत करने की एक औपचारिक रस्म।
बीते कई महीनों से समाचार पत्रों, टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर लगातार यह मुद्दा उठाया जा रहा था कि जिले में खनिज, राजस्व और खाकी की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन हो रहा है। सोन नदी और अन्य छोटी नदियों के घाटों से निकलकर रेत रातों-रात रीवा, सतना, प्रयागराज और जिले की सीमाओं के बाहर भेजी जा रही है।

बड़ी मछलियां अब भी सुरक्षित

कार्रवाई जिन वाहनों पर हुई, वे वही हैं जिनके ज़रिए रेत का अवैध खेल चल रहा था। किसके द्वारा अवैध रूप से रेत का उत्खनन कराया जा रहा था लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन वाहनों के मालिक, ठेकेदार और संरक्षण देने वाले कब तक कानून से ऊपर रहेंगे. शहडोल शहर में नवलपुर सोन नदी से अवैध रेत का उत्खनन कर परिवहन आज भी बेरोकटोक जारी है। मीडिया कर्मियों द्वारा लोकेशन कैमरे से वीडियो और फोटो बनाकर खनिज विभाग के अधिकारी एवं सोहागपुर थाने के बीट प्रभारियों को भेजा गया उसके बावजूद भी न तो शहर कि सीमाओं पर रोक लगी, न ही खरीदारों पर शिकंजा। आम आदमी महंगे दामों पर रेत खरीदने को मजबूर है, जबकि माफिया करोड़ों की कमाई कर रहे हैं।

कब होगा असली प्रहार

क्या यह कार्रवाई केवल दिखावटी संतुलन है।
क्या अवैध उत्खनन कराने वाले असली गुनहगारों पर कार्यवाही होगी। क्या खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की भूमिका की जांच होगी।
जब तक इन सवालों के जवाब नहीं मिलते, तब तक यह मानना मुश्किल है कि यह कार्रवाई रेत-माफिया के खिलाफ निर्णायक युद्ध है। जनता पूछ रही है।

खाकी और विभाग से सवाल शहर में चल रही अवैध रेत की सप्लाई पर हथौड़ा कब चलेगा

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!