April 17, 2026 6:00 pm

सच सीधा आप तक

झाड़ियों में चल रहा जुआ फड़ ध्वस्त, नगर पालिका आरआई सहित 9 गिरफ्तार 

The mukhbir शहडोल-जयसिंहनगर। जिले में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए झाड़ियों के बीच संचालित हो रहे जुआ फड़ पर जयसिंहनगर थाना पुलिस ने ऐसा करारा प्रहार किया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस सनसनीखेज कार्रवाई में पुलिस ने नगर पालिका शहडोल में पदस्थ एआरआई (राजस्व निरीक्षक) पराग दुबे सहित कुल 9 जुआरियों को रंगे हाथों दबोचते हुए ₹66,340 नगद, ताश के पत्ते और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।
यह कार्रवाई केवल जुआ फड़ पर नहीं, बल्कि सिस्टम के भीतर बैठे उन चेहरों पर भी सीधा तमाचा है जो पद और प्रभाव की आड़ में गैरकानूनी धंधों को हवा दे रहे थे।

झाड़ियों में कानून का मज़ाक, पुलिस ने तोड़ी साज़िश

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्राम गोपालपुर के छुलहनी पहाड़िया क्षेत्र में लंबे समय से झाड़ियों के बीच जुआ फड़ चलने की पुख्ता सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से चारों ओर से घेराबंदी की और मौके पर धावा बोल दिया।
अचानक हुई दबिश से जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस की चुस्त कार्रवाई के आगे एक भी आरोपी बच नहीं सका।

जिम्मेदार पद पर बैठा कर्मचारी जुए में कैसे

इस मामले ने प्रशासनिक गलियारों में भारी असहजता पैदा कर दी है। नगर पालिका में पदस्थ एआरआई का जुआ फड़ में पकड़ा जाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि लोकसेवा की शपथ पर भी सीधा प्रहार है।
अब सवाल यह है कि क्या यह जुआ फड़ संरक्षण में चल रहा था, कब से यह अवैध गतिविधि संचालित थी,  क्या इसके तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अन्य संलिप्तताओं पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

पकड़े गए जुआरियों के नाम

विजय गुप्ता, पिता स्व. रामाधार गुप्ता, निवासी टेटका (रोजगार सहायक), पराग दुबे, पिता रामनरेश दुबे, निवासी वार्ड क्रमांक 15, जयसिंहनगर, नजीरशाह खान, पिता खलील खान, निवासी कुबरा, राकेश गौतम, पिता नर्वदा, निवासी मोहनी, सूरज चौधरी, पिता भैयालाल चौधरी, निवासी करुआ गोहपारू, शरीफ अहमद, पिता नन्हे खान, निवासी चोरमरा गोहपारू, विवेक शुक्ला, पिता स्व. अतुल शुक्ला, निवासी शहडोल, महमूद खान, पिता कुद्दुस खान, निवासी गोहपारू,
नीलेश रजक, पिता रामजियावन रजक, निवासी करुआ गोहपारू शामिल हैं।

कानून का संदेश साफ

कोई भी नहीं बचेगा, थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने दो टूक कहा कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कानून से ऊपर कोई नहीं. चाहे वह आम नागरिक हो या सरकारी पद पर बैठा कर्मचारी।
The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!