The mukhbir- ब्यूरो रिपोर्ट- उमरिया। जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल से खजुराहो जा रही टेंपो ट्रैवलर की तूफान वाहन बरम बाबा के पास सुबह करीब 5:30 बजे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तूफान फोर व्हीलर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। 108 सेवा के जिला प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा के निर्देशन में तीन एंबुलेंस घटनास्थल पर भेजी गईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल उमरिया रेफर किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं। घायल यात्रीयों में सुजीत गोस्वामी उम्र 39, हजारीलाल माली उम्र 47, शंकर मंगल उम्र 64, जयंती घोष उम्र 55, भारती माली उम्र 45, सौरभ माली उम्र 55, शकील मंडल उम्र 56, शिवपाल उम्र 60 के साथ एक 60 वर्षीय व्यक्ति और भी हैं.
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि घायलों में से एक व्यक्ति की मौत हो गई हैं और एक हालत अभी गंभीर है, जिसे डॉक्टरों की विशेष टीम की निगरानी में रखा गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे का स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और NH-43 पर यातायात को सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना के बड़े कारण हो सकते हैं। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है और घटना के विस्तृत कारणों की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सुबह के समय भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जबकि सड़क सुरक्षा संकेतक पर्याप्त नहीं हैं। अंधेरा और रोशनी की कमी के कारण भी दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और घायलों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर से संकेत देता है कि सड़कों पर सावधानी और नियंत्रित गति ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।
The mukhbir टीम उमरिया चंदन कुमार वर्मा कि रिपोर्ट









