
The mukhbir स्पोर्ट्स टीम, शहडोल-विचारपुर।
जर्मनी के प्रसिद्ध फुटबॉल कोच डाइटमार बीयर्सडॉर्फ आज भारत पहुंचे और सीधे “मिनी ब्राज़ील” के नाम से मशहूर शहडोल जिले के ग्राम विचारपुर पहुंचे। यहां स्थानीय खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। खिलाड़ियों ने पारंपरिक अंदाज़ में कोच का अभिनंदन किया, जिससे माहौल पूरी तरह फुटबॉल और संस्कृति के रंग में रंग गया।
“मिनी ब्राज़ील” में बच्चों से मिलकर उत्साह दोगुना
विचारपुर के युवा फुटबॉल खिलाड़ी अपनी कला, पासिंग और स्ट्राइक्स के कारण लंबे समय से “मिनी ब्राज़ील” के नाम से पहचाने जाते हैं।
कोच बीयर्सडॉर्फ गाँव के मैदान में पहुंचे तो खिलाड़ियों ने कौशल का प्रदर्शन किया। कोच ने उनकी ऊर्जा, जोश और फुटबॉल के प्रति समर्पण को देखकर खुलकर प्रशंसा की।
कोच डाइटमार बीयर्सडॉर्फ बोले “भारत में फुटबॉल का भविष्य उज्ज्वल”
खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए कोच बीयर्सडॉर्फ ने कहा..
“भारत के युवाओं में गजब की ऊर्जा है। यहाँ फुटबॉल का भविष्य बहुत ही उज्ज्वल दिखाई देता है। जिस जुनून और प्रतिबद्धता के साथ ये बच्चे खेल रहे हैं, वह किसी भी बड़े मंच पर उन्हें सफलता दिला सकती है।”
उन्होंने तकनीक, फिटनेस और टीमवर्क पर आधारित कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी खिलाड़ियों को दिए।
खिलाड़ियों में नई ऊर्जा, ग्राउंड पर दिखा उत्साह
युवा खिलाड़ियों ने कोच के मार्गदर्शन को अपने लिए बड़ी प्रेरणा बताया।
कोच ने कहा कि सही प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास से यह गांव राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।
अनुशासन और टीमवर्क पर दिया जोर
कोच बीयर्सडॉर्फ ने ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए..
• अनुशासन
• नियमित अभ्यास
• टीमवर्क
• सकारात्मक सोच
सबसे आवश्यक हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को ऊँचा लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए डटकर मेहनत करने की सलाह दी।
स्थानीय लोगों में उत्साह, विचारपुर की प्रतिभा को मिला अंतरराष्ट्रीय स्पर्श
गांव में कोच के आगमन से उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि इससे न केवल खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली है बल्कि गांव के फुटबॉल के प्रति समर्पण को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिल रही है।
The mukhbir स्पोर्ट्स टीम से जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा की रिपोर्ट









