
The mukhbir राहुल सिंह राणा, शहडोल। जिले ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और उत्कृष्ट प्रशासनिक समन्वय का परिचय देते हुए एसआईआर 2026 अभियान के तहत 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त कर लिया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. केदार सिंह ने पूरी शहडोल टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अमृता गर्ग, सभी एसडीएम, राजस्व विभाग के मैदानी अमले, जनपद एवं ग्राम स्तर पर कार्यरत सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास, एनआरएलएम, तथा सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सराहा।
उन्होंने जिला निर्वाचन कार्यालय की टीम की समर्पित भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा की
“एसआईआर कार्यों में संलग्न सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का यह योगदान जिले के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि सतत मेहनत, अनुशासन, और दायित्व के प्रति ईमानदार प्रतिबद्धता का परिणाम है।”
डॉ. सिंह ने विशेष रूप से बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स के अथक प्रयासों को सराहा, जिनके निरंतर फील्ड वर्क और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यप्रणाली ने 100% डिजिटाइजेशन की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाई।
अभियान का उद्देश्य और महत्त्व
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 4 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक शहडोल संभाग में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का संचालन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में मतदाताओं की जानकारी का डिजिटाइजेशन, सत्यापन और अद्यतन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि आगामी चुनावों में उच्च गुणवत्ता वाली मतदाता सूची सुनिश्चित की जा सके।
शहडोल जिले द्वारा लक्ष्य की 100% उपलब्धि न केवल तकनीकी दक्षता का प्रमाण है, बल्कि यह बताती है कि जिला प्रशासन और स्थानीय निकाय कितनी जिम्मेदारी से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने में जुटे हैं।
इस सराहनीय सफलता के साथ शहडोल जिले ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि संगठित प्रयास, नेतृत्व का मार्गदर्शन और जमीनी स्तर की प्रतिबद्धता मिलकर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम हैं।
The mukhbir से चंदन कुमार वर्मा की रिपोर्ट









