
मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता का गंभीर आरोप, स्थानीय पुलिस पर मिलीभगत की छाया…
The mukhbir शहडोल-सीधी। बीती रात सीधी थाना क्षेत्र में अवैध मवेशी (पशु) तस्करी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सीधी संजय गुप्ता ने कथित मवेशी तस्करी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। गुप्ता ने इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कुदरी क्षेत्र में आधी रात ऑपरेशन
संजय गुप्ता का कहना है कि उन्हें स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि कुदरी गांव के ओदारी नदी से लगभग 2 किलोमीटर अंदर रात में मवेशियों को ट्रकों में लोड किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद उन्होंने तुरंत 11:45 बजे थाना प्रभारी सीधी को फोन किया और 11:55 बजे स्वयं थाना परिसर पहुँच गए।
कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं आया
गुप्ता ने दावा किया कि सूचना देने के बावजूद सीधी थाने से कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुँचा। उनका कहना है कि वे खुद अपने साथियों के साथ मौके पर पहुँचे और बैरिकेट लगाकर वाहनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कथित तस्कर उन्हें चकमा देकर भाग निकले, गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि भागते समय आरोपितों ने उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास भी किया।
अन्य थानों को सूचना न देने का भी आरोप
संजय गुप्ता का दावा है कि जब तस्करी में शामिल वाहन आसानी से निकल गए, तब थाना प्रभारी सीधी मौके पर पहुँचे, लेकिन उन्होंने
जयसिंहनगर, ब्यौहारी और बाणसागर थानों को रोकथाम के लिए सूचना नहीं भेजी, जिसके कारण मवेशियों से भरे तीनों वाहन सीमा पार निकल गए।
मोटी रकम लेकर रास्ता साफ किया जाता, बड़ा दावा
गुप्ता ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में अवैध मवेशी तस्करी कोई नई बात नहीं है और उनके अनुसार इसमें मोटी रकम लेकर रास्ता देने जैसी गड़बड़ियों के आरोप लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा लगाए जाते रहे हैं।
हालाँकि इन आरोपों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतज़ार
मामला सोशल मीडिया पर तेज़ी से फैल रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस पूरे प्रकरण पर आधिकारिक बयान आना बाकी है।
स्थानीय नागरिकों ने इस मामले की उच्च-स्तरीय जाँच और सख़्त कार्रवाई की मांग की है।
The mukhbir से चंदन कुमार वर्मा
Author: The Mukhbir
Post Views: 756









