April 15, 2026 6:07 pm

सच सीधा आप तक

सावधान…बांधवगढ़ के दो लग्जरी रिसॉर्ट्स में ‘लक्जरी के नाम पर ज़हर’

The mukhbir राहुल सिंह राणा-उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व में सफारी का रोमांच तलाशते पर्यटकों के लिए बुधवार का दिन बड़ा खुलासा लेकर आया। रीवा-शहडोल उड़नदस्ता टीम ने जब क्षेत्र के दो हाई-प्रोफाइल रिसॉर्ट्स पर दस्तक दी, तो चमचमाती बाहरी सजावट के पीछे छिपी गंदगी, अनियमितता और खाद्य सुरक्षा की खुली धज्जियाँ सामने आ गईं। टीम की इस कार्रवाई ने लग्जरी रिसॉर्ट्स की “ब्रांडेड इमेज” की हवा निकाल दी है।

ताज सफारी रिसॉर्ट: लक्जरी ब्रांड के भीतर ‘बिना लाइसेंस ब्रेड फैक्ट्री’ और अवैध बार

उड़नदस्ता टीम जब ताज सफारी रिसॉर्ट की रसोई और बार क्षेत्र में पहुँची, तो जो खुलासा हुआ उसने अधिकारियों को भी हिला दिया रिसॉर्ट के भीतर बिना किसी वैध मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के ब्रेड तैयार की जा रही थी। फूड लाइसेंस में बार संचालन का कोई उल्लेख नहीं, फिर भी शराब का भारी भंडारण और बिक्री चल रही थी सीधे-सीधे कानून की धज्जियाँ। मेहमानों के लिए तैयार भोजन में मिसब्रांडेड दलिया का उपयोग। फूड लाइसेंस की श्रेणी से बाहर कई गतिविधियाँ संचालित स्पष्ट अनियमितता। टीम ने पाँच सैंपल जब्त किए और मौके पर ही बार को तत्काल बंद करने के आदेश जारी कर दिए। लक्जरी ब्रांड के मुखौटे के पीछे यह “अवैध संचालन” अब गंभीर जांच के घेरे में है।

मॉनसून फॉरेस्ट रिज़ॉर्ट, गंदगी, कीड़े, सड़ी सब्जियाँ ‘स्वच्छता’ का मज़ाक’

दूसरे रिसॉर्ट में स्थिति और डरावनी निकली।
यही वह जगह थी जिसे पर्यटकों के लिए “नेचर-क्लासिक अनुभव” बताकर बेचा जा रहा था, लेकिन अंदर खुली थी गंदगी की एक भयावह तस्वीर शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक ही स्थान पर ठूंसकर रखी गई थी। रसोई में एक्सपायर्ड मैदा, सड़ी और गल चुकी सब्जियाँ।खुले आटे में कीड़े रेंगते मिले जो किसी भी मानक की कल्पना के बाहर है। रसोई की हालत ऐसी कि एक पल को लगा मानो वर्षों से सफाई को ‘ब्लैकलिस्ट’ कर रखा हो। उड़नदस्ता टीम ने तुरंत नोटिस जारी किया और रिसॉर्ट का फूड लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा जिला अधिकारी को भेज दी है।

पर्यटकों की थाली में क्या परोसा जा रहा था अब तस्वीर साफ

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों रिसॉर्ट्स में मिली गड़बड़ियों को “पर्यटकों के स्वास्थ्य के साथ खुला खिलवाड़” बताया है।
जांच टीम का कहना है कि यह केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि ऐसी लापरवाही है जो सीधे-सीधे बीमारियाँ पैदा कर सकती है।
सैंपल रिपोर्ट आने के बाद दोनों रिसॉर्ट्स के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

चेतावनी की घंटी बज चुकी है

बांधवगढ़ आने वाले हजारों पर्यटक अब इन लग्जरी रिसॉर्ट्स की चमकदार इमारतों, शानदार कमरों और विदेशी मेन्यू के पीछे छिपे सच से सतर्क हो चुके हैं।
जो रिसॉर्ट्स खुद को “प्रीमियम” और “सुरक्षित” बताते थे, अब उन्हीं पर सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है.
क्या पर्यटकों को घातक जोखिम में डालकर कमाई की जा रही थी.
उड़नदस्ता की कार्रवाई ने एक बात साफ कर दी.
लक्जरी का बोर्ड लगाना आसान है, लेकिन कानून और खाद्य सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ अब भारी पड़ेगा.
the mukhnir से चंदन कुमार वर्मा कि रिपोर्ट
The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!