बुढ़ार और जैतपुर में छापे, भारी मात्रा में चिरान, फर्नीचर व नीलगिरी लकड़ी जप्त
The mukhnir राहुल सिंह राणा-शहडोल। वन वृत्त में अवैध लकड़ी कटान और तस्करी पर नकेल कसने के लिए वन विभाग ने 11 और 12 दिसंबर को दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। मुख्य वन संरक्षक शहडोल अनुपम सहाय के निर्देशन तथा दक्षिण वनमंडलाधिकारी सुश्री श्रद्धा पेंन्द्रे और उप वनमंडलाधिकारी जैतपुर विनोद जाखड़ के मार्गदर्शन में बुढ़ार और जैतपुर वन परिक्षेत्र की टीमों ने संयुक्त दबिश देकर अवैध गतिविधियों का बड़ा भंडाफोड़ किया।
बुढ़ार में छापामार कार्रवाई, घर बना रखा था अवैध लकड़ी का कारखाना
11 दिसंबर को वन परिक्षेत्र बुढ़ार व जैतपुर की संयुक्त टीम ने सीताराम उर्फ सुरेश चौधरी (उम्र 61 वर्ष) के घर पर दबिश दी। जांच के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने वन विभाग को भी चौंका दिया. घर के भीतर अवैध चिरान और तैयार फर्नीचर का बड़ा जखीरा छुपा कर रखा गया था।जप्त सामग्री में शामिल बबूल व खम्हेर प्रजाति के चिरान, दरवाजा (सिंगल पल्ला) 7 नग, दो पल्ला वाले दरवाजे 1 से 2 नग, 4 सेट सोफा, विभिन्न आकार के कुल 274 नग चिरान कुल जप्त चिरान मात्रा 1.061 घनमीटर, सतकठा प्रजाति की अतिरिक्त लकड़ी, औजार: रमदा, सिकंजा, बसूला, आरी, कटर मशीन, टूल मशीन आदि कुल 29 नग वन विभाग ने मौके पर मौजूद कारीगरों से भी औजार जब्त किए और समस्त सामग्री को अपने कब्जे में लिया।
नियमानुसार वन अपराध प्रकरण क्रमांक 03/05 दर्ज कर आगे की कार्रवाई कि गई। इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी जैतपुर जसवंत मीणा, बुढ़ार परिक्षेत्राधिकारी सलीम खान, सहायक कर्मी सुजीत रजक, बंशीपतेरा व घोरवे के बीटगार्ड तथा अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जैतपुर में नीलगिरी लकड़ी तस्करी का पर्दाफाश, पिकअप वाहन जप्त
इसी दौरान वन परिक्षेत्र जैतपुर को नीलगिरी लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली।
टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ग्राम मौहार टोला–नगपुरा मार्ग पर एक पिकअप वाहन को रोका।वाहन चालक जुगेन्द्र यादव, उम्र 18 वर्ष, निवासी बैराग, पिकअप क्रमांक MP-18-GA-5083के तलाशी में वाहन से 3 घनमीटर नीलगिरी लकड़ी बरामद हुई। चालक किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे स्पष्ट हुआ कि लकड़ी का परिवहन नियमों के विपरीत और अवैध रूप से किया जा रहा था। म.प्र. वन उपज परिवहन नियम 2022 की धारा 3, 7, 14, 15 का उल्लंघन पाए जाने पर मामला दर्ज किया गया।इसके तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20473/08 पंजीबद्ध किया गया और वाहन को जप्त कर जैतपुर परिक्षेत्र कार्यालय में खड़ा कराया गया।
वन विभाग की सख्त चेतावनी, अवैध कटान पर अब ‘ज़ीरो टॉलरेंस’
इन दोनों कार्रवाइयों ने यह साफ कर दिया है कि वन विभाग अवैध कटाई, परिवहन और फर्नीचर निर्माण के किसी भी प्रयास को अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा।
मुख्य वन संरक्षक और वनमंडल अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इन कार्रवाइयों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि शहडोल वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर विभाग की पैनी नज़र है, और जंगल व वन संपदा की सुरक्षा के लिए टीम हर स्तर पर तत्पर है।
The mukhbir टीम
Author: The Mukhbir
Post Views: 239










