ज्वालामुखी बफर जोन में एक हफ्ते तक फ्री एंट्री, पर्यटकों के लिए सुनहरा मौका
The mukhbir राहुल सिंह राणा ताला-बांधवगढ़। जिले से पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के प्रसिद्ध ज्वालामुखी बफर जोन में जंगल सफारी अब पहले से कहीं ज्यादा सस्ती और सुलभ हो गई है।
BTR वन विभाग की एक विशेष पहल के तहत 17 दिसंबर से 23 दिसंबर 2025 तक पूरे एक सप्ताह जिप्सी सफारी करने वाले पर्यटकों से प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा।

रोमांच वही, खर्च कम
इस योजना के तहत पर्यटक बिना एंट्री फीस दिए जंगल की उस दुनिया में कदम रख सकेंगे, जहां खामोश जंगल, पगडंडी पर दौड़ती जिप्सी और अचानक सामने आ जाता बाघ हर पल रोमांच से भरपूर होता है।
यह छूट पूरी जिप्सी बुकिंग पर लागू होगी और सुबह व दोपहर दोनों शिफ्टों में मान्य रहेगी। हालांकि जिप्सी वाहन किराया और गाइड शुल्क पहले की तरह देना होगा, लेकिन प्रवेश शुल्क माफ होने से सफारी का कुल खर्च काफी कम हो जाएगा।

ऑफलाइन बुकिंग अनिवार्य
वन विभाग ने साफ किया है कि यह सुविधा केवल ज्वालामुखी गेट के ऑफलाइन काउंटर से पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर बुकिंग कराने वाले पर्यटकों को ही मिलेगी।
-ऑनलाइन बुकिंग या अन्य गेट से प्रवेश करने वाले पर्यटक इस छूट के दायरे में नहीं आएंगे।
स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
इस फैसले से न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि गाइड, जिप्सी चालक, होटल और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग भी आर्थिक रूप से लाभान्वित होंगे। स्थानीय लोगों में इस घोषणा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

दिसंबर का मौसम, जंगल का असली रंग
दिसंबर में बांधवगढ़ की हरियाली, ठंडा मौसम और वन्यजीवों की सक्रियता सफारी को और भी यादगार बना देती है। ऐसे में यह फ्री एंट्री सप्ताह कम बजट में जंगल सफारी का आनंद लेने का बेहतरीन मौका है।
The Mukhbir की सलाह
अगर आप प्रकृति, रोमांच और वन्यजीवों के दीवाने हैं, तो 17 से 23 दिसंबर के बीच
बांधवगढ़- ज्वालामुखी बफर जोन
आपको जरूर बुला रहा है…और इस बार बिना प्रवेश शुल्क के।
The Mukhbir- जितेंद्र विश्वकर्मा कि रिपोर्ट
Author: The Mukhbir
Post Views: 374










