April 17, 2026 7:21 pm

सच सीधा आप तक

न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का मैराथन दौड़ के साथ शुभारंभ

“न्याय के लिए दौड़: प्रत्येक कदम कानूनी जागरूकता की ओर”

The mukhbir -शहडोल। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिले में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का शुभारंभ आज गांधी स्टेडियम, शहडोल में भव्य रूप से किया गया। सप्ताह का आगाज़ “मैराथन दौड़” से हुआ, जिसकी थीम थी. “न्याय के लिए दौड़, प्रत्येक कदम कानूनी जागरूकता की ओर।”

मैराथन दौड़ को प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष काशीनाथ सिंह तथा जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री राकेश सिंह बघेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर गांधी चौराहा, बुढ़ार रोड, गुरुनानक चौक होते हुए पुनः गांधी स्टेडियम में समाप्त हुई। दौड़ में न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शासकीय सेवक, लीगल एवं डिफेन्स काउंसलर, पैरा लीगल वालंटियर, स्वयंसेवी संगठन, पुलिसकर्मी, विद्यार्थी और नगर के युवाओं ने भागीदारी की।

कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेन्द्र सिंह सिंगार, वरिष्ठ खंड न्यायाधीश सीताशरण यादव, न्यायाधीश प्रीति सिंह बघेल, न्यायाधीश स्वेता यादव, जिला विधिक सहायता अधिकारी देवेन्द्र सिंह परस्ते, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव अनिल तिवारी, चीफ लीगल एंड डिफेन्स काउंसलर कुंजबिहारी दुबे, तथा रोटरी क्लब विराट के अध्यक्ष सी. एम. मोहनी, नरेश सिंघल, शहडोल जिला के अधिवक्ताओं के साथ अन्य लोग उपस्थित रहे।

मैराथन के समापन अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश काशीनाथ सिंह ने विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।


14 नवम्बर तक चलेगा विधिक सेवा सप्ताह

न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिलेभर में 14 नवम्बर तक विविध जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जेलों का निरीक्षण एवं कानूनी जागरूकता शिविर, छात्र-छात्राओं को विधिक परामर्श, बाल देखरेख संस्थाओं में कानूनी साक्षरता कार्यक्रम, तथा ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों को विधिक जानकारी देने जैसी गतिविधियाँ शामिल होंगी।

इसके साथ ही महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में निबंध लेखन, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से शिक्षा का अधिकार, पाक्सो एक्ट, यातायात नियम, तथा सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम का समापन 14 नवम्बर को बाइक रैली और अन्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किया जाएगा, जिससे आमजन में न्याय के प्रति संवेदनशीलता और कानूनी अधिकारों की समझ को बढ़ावा मिल सके।

“न्याय सबके लिए” की भावना को साकार करते हुए यह विधिक सेवा सप्ताह नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

The mukhbir शहडोल से चंदन कुमार वर्मा 

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!