दिल्ली कार ब्लास्ट के बाद प्रशासन अलर्ट, होटल–ढाबा–लॉज संचालकों को आदेश

The mukhbir शहडोल। राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुए कार ब्लास्ट की घटना के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शहडोल केदार सिंह (IAS) ने सुरक्षा के मद्देनज़र जिले में बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 11 नवंबर 2025 से प्रभावशील हो गया है।
आदेश की मुख्य बातें
जिले में बाहर से आने वाले व्यक्ति, किरायेदार या श्रमिकों की पहचान और मोबाइल नंबर की जानकारी प्राप्त कर उनका सत्यापन अनिवार्य होगा। होटल, लॉज, धर्मशाला, हॉस्टल, अस्पताल, विद्यालय आदि के संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का परिचय पत्र लेकर पुलिस को सूचना दें। पुलिस विभाग एवं थाना प्रभारी अपनी-अपनी सीमा में आने वाले सभी बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की निरंतर निगरानी करेंगे। आम जनता से अपील की गई है कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, धार्मिक स्थल, शॉपिंग मॉल, अस्पताल आदि पर किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सभी होटल, धर्मशाला, लॉज, हॉस्टल, शिक्षण संस्थान और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन-प्रशासन रहेगा सतर्क
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस, राजस्व एवं नगर प्रशासन को संयुक्त रूप से क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संभावित असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से जारी किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है ताकि जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
इस आदेश की प्रति पुलिस अधीक्षक शहडोल, एडीजी शहडोल रेंज, सीईओ जिला पंचायत शहडोल, नगर पालिका अधिकारी शहडोल, तथा सभी संबंधित थाना प्रभारी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से भेजी गई है.
कोतवाली थाना प्रभारी ने सम्हाला मोर्चा
दिल्ली में हुए आतंकी धमाकों की गूंज अब मध्य प्रदेश के शहडोल तक पहुँच गई है। शहर की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने शहर के सभी होटलो में जाकर खुद निगरानी कि और होटल संचालको और मैंनेजरों को सतर्कता को लेकर समझाईस दी.
The mukhbir से संवाददाता जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा कि रिपोर्ट










