April 17, 2026 6:02 pm

सच सीधा आप तक

30 लाख के आभूषण और लाखों नगदी चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

सोहागपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही

The mukhbir शहडोल। जिले के थाना सोहागपुर पुलिस ने एक बड़ी और सराहनीय कार्रवाई करते हुए घर में हुई ₹ 30 (लाख रुपए) की चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने मात्र कुछ ही दिनों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के समस्त आभूषण और नगदी बरामद कर लिए। जिले में इस त्वरित कार्रवाई की व्यापक सराहना की जा रही है।

रात के अंधेरे में दी थी वारदात को अंजाम

घटना 10 नवम्बर 2025 की है, जब फरियादी सिद्धगणेश शुक्ला निवासी वार्ड 3/4 रामजानकी मंदिर के पास ने घर में चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी के अनुसार अज्ञात चोर बीती रात घर के पीछे बने नवनिर्मित कमरे की अलमारी तोड़कर नकदी राशि एवं सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण चोरी कर ले गए थे।

पुलिस की सतर्कता से खुला चोरी का राज

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना सोहागपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच शुरू की। सतत प्रयासों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने तीन आरोपियों हर्षित द्विवेदी, हेमकांत द्विवेदी, वीरेंद्र वर्मा उर्फ मंकू निवासी रामजानकी मंदिर के पास, सोहागपुर को पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी हर्षित और हेमकांत दोनों भाई हैं।

तीनों की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ दबिशें देकर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर आरोपियों के कब्जे से लगभग ₹30,00,000 मूल्य के चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और ₹72,000 नगद बरामद कर लिए गए।

कम समय में खुलासा पुलिस की सक्रियता का परिणाम

सोहागपुर पुलिस द्वारा इस चोरी का इतने कम समय में खुलासा किया जाना पुलिस टीम की तत्परता, संयम और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिणाम माना जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सोहागपुर निरीक्षक भूपेंद्र मणि पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें निरीक्षक रजोल नागर ( जीआरपी बनारस उत्तर प्रदेश), उप निरीक्षक आनंद झरिया, सहायक उप निरीक्षक संतोष कोल, प्रधान आरक्षक मुकेश पटेल, शैलेंद्र कोल, राजकुमार जायसवाल, राम प्रकाश सिंह, मनोज शुक्ला, संतोष सिंह परिहार, राजवेंद्र सिंह परिहार, आरक्षक शानू पांडे, लवकुश शुक्ला, त्रिलोकी सिंह, गंभीर सिंह एवं सत्य प्रकाश मिश्रा के साथ तकनीकी टीम का विशेष योगदान रहा।

जिले में पुलिस कार्रवाई की प्रशंसा

पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं क्षेत्रीय अधिकारियों ने इस सफलता को उल्लेखनीय बताते हुए टीम को बधाई दी है। नागरिकों ने भी पुलिस की तत्पर कार्रवाई और जिला पुलिस की सजगता की सराहना की है।

आरोपी जेल भेजे गए, आगे की कार्रवाई जारी

बरामद आभूषणों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जप्त कर लिया गया है और आरोपियों को न्यायालय प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और किसी बड़े गिरोह से संबंध की जांच कर रही है।

“सोहागपुर पुलिस की यह सफलता न केवल जनमानस में सुरक्षा की भावना बढ़ाती है, बल्कि अपराधियों को भी स्पष्ट संदेश देती है कि कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं।”

The mukhbir क्राइम रिपोर्टर टीम, शहडोल 

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!