घरेलू गैस की कमी पर सवाल, कब जागेगा जिला प्रशासन: कैलाश
शहडोल। संभाग मुख्यालय शहडोल में पिछले पंद्रह दिनों से एचपी घरेलू गैस की भारी किल्लत ने आम जनता को परेशान कर दिया है। स्थिति यह है कि उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, फिर भी उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही। इसी गंभीर समस्या पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश तिवारी ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कैलाश तिवारी ने कहा कि संभाग मुख्यालय होने के बावजूद भी इतनी लंबी अवधि से गैस की नियमित आपूर्ति न होना गंभीर प्रश्न खड़ा करता है। उन्होंने बताया कि फूड विभाग द्वारा न तो कोई प्रभावी कार्रवाई की गई है और न ही गैस एजेंसियों पर आवश्यक दबाव बनाया गया है। जबकि प्रशासन का दायित्व है कि वह आम जनता को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करे।
उन्होंने सुझाव दिया कि इस समस्या के समाधान के लिए खाद्य विभाग के अधिकारी संबंधित कंपनी के उच्च अधिकारियों से बात करें और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं जबलपुर जाकर आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करें। तिवारी का कहना है कि जब तक अधिकारी मैदान में उतरकर स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण नहीं करेंगे, तब तक समस्या का समाधान संभव नहीं।
कैलाश तिवारी ने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस गंभीर समस्या पर तभी कार्रवाई होगी जब मामला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संज्ञान में जाएगा…? उन्होंने विभागीय लापरवाही को चिंताजनक बताते हुए कहा कि जन समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया आम जनता के साथ अन्याय है।
अंत में तिवारी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल कठोर कदम उठाकर गैस की नियमित आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।









