April 17, 2026 11:34 pm

सच सीधा आप तक

न्यायालय गेट के सामने मिला युवक का शव, ठंड से मौत की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

The mukhbir शहडोल। पाली रोड स्थित न्यायालय गेट के सामने शुक्रवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे एक युवक का शव देखा। मामले की सूचना तुरंत कोतवाली पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों के अनुसार युवक बीती शाम न्यायालय गेट के पास नशे की हालत में बैठा हुआ देखा गया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि नशे में होने के कारण वह रात में वहीं सो गया होगा और ठंड लगने से उसकी मौत हो गई. हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

मृतक की हुई पहचान

पुलिस ने शव की पहचान दीनदयाल बैगा पिता मुन्नेलाल (उम्र 30 वर्ष), निवासी भीमा डोंगरी, जिला उमरिया (थाना पाली) के रूप में की है। शव मिलने की खबर लगते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि दीनदयाल शराब पीने का आदी था और वह गुरुवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। सुबह से परिजन उसकी तलाश में थे और अंततः उसका शव न्यायालय गेट के सामने मिला।

पुलिस का अनुमान, नशे में सो गया, ठंड ने ले ली जान

पुलिस के अनुसार मृतक टी-शर्ट और पैंट पहने हुए था। प्राथमिक अनुमान है कि वह नशे में होने के कारण रात में वहीं फुटपाथ पर सो गया और ठंड की वजह से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही स्पष्ट हो सकेगा।

जांच जारी, मर्ग कायम

कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी चर्चा बनी हुई है, क्योंकि न्यायालय क्षेत्र जैसे संवेदनशील स्थान के सामने इस तरह शव मिलना कई सवाल खड़े करता है।


The mukhbir के लिए गणेश केवट की रिपोर्ट 
The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!