April 17, 2026 5:55 pm

सच सीधा आप तक

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह : सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन की ओर मजबूत कदम

The mukhbir शहडोल। पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिलेभर में “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” थीम पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इस अभियान का मूल उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, जन-जागरूकता बढ़ाना और हर सड़क उपयोगकर्ता को सुरक्षित यात्रा के प्रति संवेदनशील बनाना है।
इसी क्रम में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सूबेदार प्रियंका शर्मा के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा एक सराहनीय और व्यावहारिक पहल की गई। कृषि कार्यों में संलग्न ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा माइनिंग सेक्टर में प्रयुक्त डंपर एवं डग्गियों में रेट्रो रिफ्लेक्टर रेडियम टेप लगाए गए। यह कार्य विशेष रूप से रात्रि के समय सड़कों पर चलने वाले भारी एवं धीमी गति के वाहनों की दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया।

रात्रि दुर्घटनाओं पर लगेगा ब्रेक

रात के अंधेरे में ट्रैक्टर, ट्रॉली, डंपर जैसे वाहनों की कम दृश्यता अक्सर गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। रेट्रो रिफ्लेक्टर टेप की मदद से ये वाहन दूर से ही चमककर दिखाई देते हैं, जिससे अन्य वाहन चालकों को समय रहते संकेत मिल जाता है और टक्कर की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है।

जागरूकता के साथ समझाइश

सूबेदार प्रियंका शर्मा ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि रेट्रो रिफ्लेक्टर का उपयोग केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि यह स्वयं की और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने सभी चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने रात्रि के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने वाहन की लाइट, ब्रेक व संकेतक सही स्थिति में रखने की अपील की।

सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक पहल

यातायात पुलिस की यह पहल न केवल दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक संदेश भी देगी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत किए जा रहे ऐसे प्रयास निश्चित रूप से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित होंगे।
सुरक्षित चलें, नियमों का पालन करें — क्योंकि आपकी एक सावधानी, किसी का पूरा जीवन बचा सकती है।
The mukhbir से चंदन कुमार वर्मा, शहडोल 
The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!