30 बिस्तरीय अस्पताल की मिली स्वीकृति
The mukhbir शहडोल-बकहो। नगर परिषद बकहो के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। नगर परिषद बकहो में लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग उठाई जा रही थी, जो अब शासन स्तर पर स्वीकृति के साथ धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है।
नगर परिषद बकहो के उपाध्यक्ष वैभव विक्रम सिंह द्वारा माननीय उपमुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन के समक्ष नगर में अस्पताल सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर प्रभावशाली निवेदन प्रस्तुत किया गया। इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए उपमुख्यमंत्री द्वारा नगर परिषद बकहो में 30 बिस्तरीय विस्तृत चिकित्सालय की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उपाध्यक्ष वैभव विक्रम सिंह की पहल से मिली मंजूरी
इस जनहितकारी पहल का नेतृत्व नगर परिषद बकहो के उपाध्यक्ष वैभव विक्रम सिंह ने किया। उनके साथ नगर परिषद अध्यक्ष मौसमी केवट, जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयसिंह मरावी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बकहो क्षेत्र को अस्पताल सुविधा की आवश्यकता बताते हुए मांग रखी।
संजिवनी क्लीनिक में स्टाफ उपलब्ध कराने के निर्देश
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम निर्णय लेते हुए शासन द्वारा नगर परिषद बकहो में नव-निर्मित संजिवनी क्लीनिक में डॉक्टर एवं आवश्यक स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं।
“इससे नागरिकों को इलाज, जांच, परामर्श व आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिल सकेंगी।”

क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
30 बिस्तरीय अस्पताल की मंजूरी के बाद नगर परिषद बकहो एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र विकास की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि अब गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं गंभीर मरीजों को इलाज के लिए शहडोल या अन्य जिलों के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं के मानचित्र पर मजबूत पहचान
यह निर्णय आने वाले समय में बकहो को स्वास्थ्य सेवाओं के मानचित्र पर एक नई और मजबूत पहचान दिलाएगा। नगर परिषद बकहो में अस्पताल की सुविधा शुरू होने से आसपास के ग्रामीण अंचलों को भी बड़ा लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाएं सहज, सुलभ व प्रभावी होंगी।
The mukhbir टीम शहडोल
Author: The Mukhbir
Post Views: 217










