
–17-18 जनवरी को राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता, 30 जिलों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, शहडोल से 4 बालिकाएं व 1 बालक खिलाड़ी का चयन…
The mukhnir राहुल सिंह राणा, शहडोल। जिले के लिए गर्व की बात है कि राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में शहडोल की प्रतिभाएं अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने जा रही हैं। नेशनल कराते कोच प्रमोद विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 से 18 जनवरी तक होने वाली राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता बालाघाट के हरि मंगलम लॉन में आयोजित की जा रही है।
इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 30 जिलों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, वहीं शहडोल जिले से भी कुल 5 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जो अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अब राज्य स्तर पर मुकाबला करने जा रहे हैं।
सोहागपुर छात्रावास की 4 बालिकाओं ने बढ़ाया जिले का मान
नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास, सोहागपुर से चार बालिकाओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित बालिकाएं इस प्रकार हैं. सुश्री खुशबू यादव, सुश्री रागनी पनिका, सुश्री सिद्धि सिंह और सुश्री प्रीति सिंह इन प्रतिभाशाली बालिकाओं ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर भी बेटियां राज्य स्तर पर चमक सकती हैं, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिलना चाहिए।
आशीष एकेडमी पुलिस लाइन से आयुष रैदास भी करेंगे मुकाबला
शहडोल की आशीष एकेडमी, पुलिस लाइन से आयुष रैदास का चयन भी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब आयुष भी बालाघाट में राज्य के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच अपनी ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास से चुनौती पेश करेंगे।
नेशनल कोच प्रमोद विश्वकर्मा व प्रशिक्षक शिवानी नामदेव ने किया तैयार
सभी चयनित खिलाड़ियों को नेशनल कराते कोच प्रमोद विश्वकर्मा एवं प्रशिक्षक शिवानी नामदेव द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। कोच प्रमोद विश्वकर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतिभाओं को मिला सम्मान, बधाई देने वालों की लगी कतार
खिलाड़ियों के चयन पर जिले में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आनंद राव सिंहा, डी.पी.सी. अमरनाथ सिंह, छात्रावास की वार्डन किरण सिंह, प्रतिभा चौधरी, सहायक वार्डन श्रद्धा सिंह, सावित्री शर्मा ने चयनित बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
शहडोल की बेटियां बनेंगी प्रेरणा
यह चयन सिर्फ प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका नहीं, बल्कि शहडोल की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश है कि कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और आत्मविश्वास के जरिए कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अब सभी की नजरें बालाघाट में होने वाले मुकाबलों पर हैं, जहां शहडोल के ये खिलाड़ी जिले का नाम रोशन करने उतरेंगे।
The mukhbir टीम शहडोल
Author: The Mukhbir
Post Views: 134









