
“रात के अंधेरे में बड़ी चोरी, कोतवाली थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज, BNS की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध”
The mukhbir राहुल सिंह राणा, शहडोल। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित शाहपुर वेस्ट कोल माइन्स (खम्हरिया कला कैम्पस) में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने खदान परिसर के अंदर से 5 कोर का लगभग 500 मीटर लंबा कीमती कॉपर केबल चोरी कर लिया, जिसकी कीमत करीब ₹90,000 बताई जा रही है। यह घटना न सिर्फ चोरी की गंभीर वारदात है, बल्कि खदान परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

स्टोर के पास रखा था केबल, सुबह होते ही हुआ गायब
जानकारी के अनुसार फरियादी उत्कर्ष नामदेव (उम्र 30 वर्ष) निवासी वार्ड नं. 20, घरौला मोहल्ला, साईं मंदिर के पास शहडोल, जो कि शाहपुर वेस्ट कोल माइंस खम्हरिया कला में एचआर पद पर कार्यरत हैं, ने थाना कोतवाली में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी के अनुसार 14 जनवरी 2026 की सुबह करीब 9 बजे, स्टोर शाखा प्रभारी नीरज दुबे ने जानकारी दी कि बाउंड्री वॉल की दीवार के पास रखा 5 कोर, लगभग 500 मीटर लंबा कॉपर केबल का बंडल वहां मौजूद नहीं है।
इसके बाद फरियादी ने अपने अन्य साथियों सुमित देवागन एवं अंकित दुबे के साथ जाकर मौके का निरीक्षण किया, तो केबल बंडल पूरी तरह गायब मिला।

रात 1 से 5 बजे के बीच चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
प्राथमिक जांच व शिकायत के अनुसार चोरी की घटना 13 जनवरी 2026 की रात करीब 1 बजे से 5 बजे के बीच हुई है। हैरानी की बात यह है कि खदान परिसर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इतनी बड़ी चोरी हो गई और किसी को भनक तक नहीं लगी।
यह घटना कई सवाल खड़े करती है. क्या खदान परिसर की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही है.
क्या वहां रात्री गार्ड/सीसीटीवी की व्यवस्था कमजोर है. क्या चोरी के पीछे पहले से रेकी या अंदरूनी जानकारी का खेल है.
बिल रिकॉर्ड में मौजूद, कार्रवाई के दौरान होगा पेश
फरियादी उत्कर्ष नामदेव ने थाना कोतवाली में स्पष्ट किया है कि चोरी गए केबल का बिल एवं रिकॉर्ड स्टोर में उपलब्ध है, जिसे पुलिस जांच/कार्रवाई के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा। इससे यह भी स्पष्ट है कि चोरी गया सामान कोई सामान्य तार नहीं बल्कि कीमती कॉपर सामग्री है, जो अवैध बाजार में ऊंचे दामों पर बेच दी जाती है।
BNS की धारा 303(2) में दर्ज हुआ मामला, पुलिस जुटी विवेचना में
कोतवाली थाना पुलिस द्वारा फरियादी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, मजदूरों तथा आसपास के कबाड़ी/स्क्रैप बाजार की जानकारी जुटाई जा रही है।
अब सवाल यह: इतने सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में चोरी कैसे संभव…?
शहडोल में खदान परिसर के भीतर कॉपर केबल जैसी भारी सामग्री चोरी होना सीधे तौर पर बताता है कि यह घटना सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि सुनियोजित ऑपरेशन हो सकता है।
क्योंकि 500 मीटर कॉपर केबल को उठाना आसान नहीं उसे काटना, समेटना, उठाकर ले जाना “तुरंत” नहीं होता और बिना जानकारी/सहयोग के इतना बड़ा माल निकालना मुश्किल है.
यह मामला अब खदान सुरक्षा, प्रशासनिक निगरानी और पुलिस जांच, तीनों की गंभीर परीक्षा बन गया है।
जांच जारी, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
कोतवाली थाना पुलिस द्वारा जल्द ही घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों, स्टाफ मूवमेंट, गार्ड ड्यूटी चार्ट एवं संदिग्धों की जानकारी के आधार पर बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
The mukhbir टीम से जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा कि रिपोर्ट
Author: The Mukhbir
Post Views: 123









