April 17, 2026 4:37 pm

सच सीधा आप तक

लाल किला के पास धमाका: दहल उठी दिल्ली, मेट्रो स्टेशन के शीशे टूटे…

 

The mukhbir डेस्क-नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक जोरदार धमाके से दहल उठी। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की इमारतों और मेट्रो स्टेशन के शीशे चकनाचूर हो गए, जबकि पास में खड़ी कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। जानकारी अनुसार एक कार और ऑटो में धमाका होने के कारण आसपास की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई.

घटना के तुरंत बाद पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस धमाके में अब 10 की मौत हो चुकी है. और 24 लोग घायल है जिनमें 8 लोग गंभीर रूप से घायल है. जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया भयावह दृश्य

धमाका इतना भीषण था कि लोगों के कानों में गूंज पैदा हो गई। मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि “अचानक तेज धमाके की आवाज आई और कुछ ही सेकंड में हर तरफ धुआं फैल गया। गाड़ियां जलने लगीं और लोग इधर-उधर भागने लगे।”
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि मौके पर शरीर के अंग बिखरे पड़े थे, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

दमकल विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई

दमकल विभाग को कार में ब्लास्ट होने की सूचना शाम करीब छह बजे मिली। इसके बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छह एंबुलेंस और सात फायर टेंडर मौके पर भेजे। टीमों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन ने क्षेत्र को किया सील

पुलिस ने लाल किला और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है। जांच एजेंसियां धमाके के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका आकस्मिक था या किसी साजिश का हिस्सा
डीसीपी (नॉर्थ) ने बताया कि “धमाके की प्रकृति का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद ही सही कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।”

लाल किला के पास बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने एहतियात के तौर पर लाल किला स्टेशन पर अस्थायी रूप से एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए। वहीं, पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।


जांच जारी, दिल्ली में सतर्कता बढ़ाई गई

दिल्ली पुलिस, एनएसजी और इंटेलिजेंस ब्यूरो ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। राजधानी के अन्य प्रमुख स्थलों इंडिया गेट, चांदनी चौक, और जामा मस्जिद के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

The mukhbir टीम 

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!