The mukhbir शहडोल। पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुढ़ार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बुढ़ार पुलिस ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर वाहन चोरी में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 6 मोटरसायकिलें बरामद कर महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।
गिरफ्तार आरोपी
- दीपक सोनी पिता बाबूलाल, उम्र 34 वर्ष, निवासी पकरिया, थाना बुढ़ार
- अभिषेक सोनी पिता जगमोहन, उम्र 28 वर्ष, निवासी भुतही मोहल्ला, बुढ़ार
- अरविंद सोनी पिता सोहनलाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी पकरिया
मुखबिर सूचना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि दीपक सोनी और अभिषेक सोनी विभिन्न इलाकों से मोटरसायकिल चोरी करते थे, और बाद में ये चोरी की गाड़ियां अरविंद सोनी को बेचने हेतु सौंप दी जाती थीं।
निशानदेही पर 6 मोटरसायकिल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की कुल 6 मोटरसायकिलें बरामद कर वाहन चोरी गैंग के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।
न्यायालय में किया पेश
बुढ़ार पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में पंजीबद्ध अपराधों के साथ-साथ वर्तमान प्रकरण में भी आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर तीनों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बुढ़ार निरीक्षक विनय सिंह गहरवार के नेतृत्व में स.उ.नि. नवीन सिंह, प्रधान आरक्षक लवकेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक शंकर शुक्ला, प्रधान आरक्षक महेंद्र, प्रधान आरक्षक बसंता सिंह तथा आरक्षक गोपाल का विशेष योगदान रहा।
बुढ़ार पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद है।
The mukhbir के लिए जितेंद्र विश्वकर्मा की रिपोर्ट









