April 20, 2026 1:58 pm

सच सीधा आप तक

नवविवाहिता की हत्या… मां से विवाद बना मौत की वजह

जेठ ने कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट, जैतपुर पुलिस ने चंद घंटे में किया खुलासा

The mukhbir जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा शहडोल। जैतपुर थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की हत्या से सनसनी फैल गई। खाड़ा गांव में मिली संगीता प्रजापति (25) की लाश के मामले में पुलिस ने महज कुछ घंटों में बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि महिला का हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका जेठ ही निकला।

खलिहान में खून से लथपथ मिला शव

शनिवार को चौकी दर्शीला अंतर्गत खाड़ा गांव में महिला का शव घर के सामने स्थित खलिहान में घास के नीचे छिपा मिला था। मृतिका की पहचान संगीता पति माखन प्रजापति के रूप में हुई। उसके सिर पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर घाव साफ दिख रहे थे। संगीता का पति मजदूरी करने बाहर गया हुआ था। लौटने पर जब वह घर में संगीता को नहीं पाया, तो खोजबीन शुरू की। इसके बाद खलिहान में उसे पत्नी का शव मिला, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

बयान बदलने से बढ़ा शक

जानकारी मिलते ही जैतपुर थाना प्रभारी जिया-उल-हक मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में ही यह स्पष्ट हो गया था कि महिला की हत्या धारदार हथियार से की गई है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के दौरान घर में मृतिका की सास और जेठ जीवनलाल मौजूद थे।

जेठ जीवनलाल पुलिस पूछताछ में लगातार अपने बयान बदल रहा था। उसके व्यवहार ने पुलिस का शक गहरा किया। कड़ी पूछताछ में आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

मां से विवाद के बाद कुल्हाड़ी से किया हमला

आरोपी जीवनलाल ने पुलिस को बताया कि संगीता उसकी मां से विवाद कर रही थी। उसने रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन संगीता नहीं मानी। गुस्से में आकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और संगीता के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद वह घबरा गया और शव को खलिहान में घास के नीचे छिपा दिया। कुल्हाड़ी को भी छुपाकर उसके बेंत (डंडे) को जला दिया, ताकि सबूत न मिल सके।

चंद घंटों में केस का खुलासा

पुलिस ने आरोपी जीवनलाल को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। मामले के खुलासे में जैतपुर थाना प्रभारी जिया-उल-हक, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक के. राजकुमार ठाकुर, प्रधान आरक्षक नितिन शुक्ला सहित टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जैतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच के चलते यह हत्याकांड कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया।

The Mukhbir
Author: The Mukhbir

Toggle Dark Mode
error: Content is protected !!