
कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने खिलाड़ियों में भरा उत्साह, कहा.. खेल से होता है संपूर्ण विकास
The mukhnir ब्यूरो उमरिया। स्टेडियम उमरिया में 1 दिसंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्षीय बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को कमिश्नर शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में हुआ। दीप प्रज्ज्वलन एवं खिलाड़ियों से परिचय के साथ शुरू हुए इस आयोजन में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने कहा कि “खेल से शरीर में ऊर्जा का विकास होता है। खेल को खेल भावना से खेला जाना चाहिए। हार-जीत मायने नहीं रखती, बल्कि हार से सीखकर आगे बढ़ना ही खिलाड़ी की असली पहचान है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय आयोजन से बच्चों को नए अनुभव, नई सीख और आत्मविश्वास मिलेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ रहने और जीवन में अनुशासन लाने के लिए खेल बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि खेल हमें कई बीमारियों से भी दूर रखते हैं और मानसिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के 33 राज्यों से 697 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। साथ ही 40 ऑफिसियल्स एवं 60 स्थानीय अधिकारी आयोजन में सहयोग कर रहे हैं। प्रतिभागियों के लिए ठहरने, भोजन, परिवहन और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रदर्शन कर जीत हासिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आसुतोष अग्रवाल और राकेश शर्मा ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोह लिया मन
उद्घाटन समारोह में कटनी की बेल वेदर स्कूल द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसमें खिलाड़ी समेत उपस्थित जनसमूह झूम उठा। बिजहरिया के कलाकारों ने फूलचंद्र के नेतृत्व में पारंपरिक कर्मा लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया।
उद्घाटन मैच ने बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के पहले दिन गुजरात बनाम सीबीएसई WSO तथा IPSC बनाम बिहार के बीच फुटबॉल मैच खेला गया। कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने फुटबॉल को किक मारकर मैच की औपचारिक शुरुआत की।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ओम नारायण सिंह, सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेनगुप्ता, राकेश प्रताप सिंह, राकेश शर्मा, धनुषधारी सिंह, दीपू छत्तवानी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह राष्ट्रीय आयोजन उमरिया जिले के लिए गौरव का क्षण है, जो न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दे रहा है, बल्कि खेल संस्कृति को नई दिशा भी प्रदान कर रहा है।









